शिवपुरी: जिले के बामौरकला कस्बे की परदेशीपुरा कॉलोनी में मंगलवार रात एक रेडीमेड गारमेंट की दुकान में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने दुकान के ऊपर बने मकान को भी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि फायरब्रिगेड की दो टीमों को आग पर काबू पाने में करीब चार घंटे लग गए। इस अग्निकांड में लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गई है।
जानकारी के अनुसार परदेशीपुरा निवासी विवेक गुप्ता की ‘संस्कार रेडीमेड गारमेंट्स’ नाम से कपड़ों की दुकान है। वे अपने परिवार के साथ दुकान के ऊपर बने मकान में निवास करते हैं। मंगलवार रात करीब 10 बजे दुकान में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने दुकान में रखे रेडीमेड कपड़े, साड़ी, होजरी सहित सारा सामान जला डाला। आग की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए और दमकल को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर बामौरकला थाना प्रभारी राजकुमार चाहर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। गंभीरता को देखते हुए पिछोर और खनियाधाना से भी फायरब्रिगेड को बुलाया गया। आग पर पूरी तरह से काबू पाने में रात के 2 बज गए। हालांकि, तब तक दुकान और ऊपर का मकान बुरी तरह जल चुका था।
अभी आग लगने के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग की वजह माना जा रहा है। पुलिस ने मौके का मुआयना कर आगजनी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





