Press "Enter" to skip to content

शिवपुरी में कुएं में मिला 16 साल की नाबालिग का शव: परिजनों ने चार युवकों पर लगाया हत्या का आरोप, पिछोर थाने के बाहर किया चक्काजाम / Shivpuri News

शिवपुरी: जिले के पिछोर थाना क्षेत्र के ककरौआ ठुन्नी गांव में मंगलवार सुबह 16 वर्षीय नाबालिग का शव खेत में बने कुएं से मिला। युवती सोमवार दोपहर से लापता थी। परिजनों ने गांव के चार युवकों पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने के बाहर शव रखकर चक्काजाम कर दिया।

पुलिस के अनुसार, मृतका शिवकुमारी लोधी सोमवार दोपहर को अपनी छोटी बहन के साथ खेत पर मवेशियों को देखने गई थी। कुछ देर बाद बहन घर लौट आई, लेकिन शिवकुमारी नहीं लौटी। देर शाम तक जब वह नहीं मिली तो परिजन उसे ढूंढने निकले।

छोटी बहन अनुष्का ने परिजनों को बताया कि खेत से लौटते समय उसने शिवकुमारी को गांव के युवक लवकुश लोधी से फोन पर बात करते देखा था। इसके आधार पर परिजनों ने पिछोर थाने में सूचना दी।

रात करीब 2 बजे पुलिस ने अपहरण की धाराओं में केस दर्ज किया। मंगलवार सुबह गांव के ही एक खेत में बने कुएं से शिवकुमारी का शव बरामद हुआ। इससे गुस्साए परिजन शव को थाने के बाहर ले आए और चक्काजाम कर दिया।

परिजनों ने गांव के लवकुश लोधी, राजेंद्र लोधी, दातार लोधी और नीलेश लोधी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि ये युवक ‘गागा’ नाम के अश्लील वीडियो ऐप से जुड़े हैं और युवतियों पर इसमें वीडियो बनाने का दबाव डालते हैं। परिजन का आरोप है कि जब शिवकुमारी ने इनकार किया तो उसे अगवा कर हत्या कर दी गई।

परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए शव को सड़क पर रख दिया और आरोपियों पर हत्या का केस दर्ज करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जब तक हत्या की धाराओं में मामला दर्ज नहीं किया जाएगा, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।

थाना प्रभारी जितेन्द्र मावई ने बताया कि रात में अपहरण की धाराओं में केस दर्ज किया गया था। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!