शिवपुरी के देहात थाना क्षेत्र में बिजली विभाग के कर्मचारियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। महल कॉलोनी निवासी इस्लाम खान (22) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि गुरुवार दोपहर ईदगाह रोड पर निगरानी के दौरान उन पर हमला किया गया।
इस्लाम खान और उनके सहकर्मी आबिद खान बिजली विभाग के सहायक यंत्री रविन्द्र सिंह जैन और अन्य कर्मचारियों के साथ बकायादार उपभोक्ताओं के अस्थायी रूप से विच्छेदित कनेक्शन की निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान उपभोक्ता के घर से राजकुमार यादव और सचिन यादव लाठियां लेकर निकले और गाली-गलौज करते हुए दोनों कर्मचारियों पर हमला कर दिया।
हमले में इस्लाम खान को होंठ और कंधे पर चोटें आईं, जबकि आबिद खान के कंधे में चोट पहुंची। हमलावरों ने धमकी दी कि अगर वे दोबारा वहां आए तो जान से मार देंगे। किसी तरह दोनों कर्मचारी जान बचाकर भागे और कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों को घटना की जानकारी दी।
इसके बाद दोनों थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई। देहात पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।







Be First to Comment