शिवपुरी: जिले के नरवर के स्वास्थ्य केंद्र में एक नवजात की जन्म के कुछ घंटों बाद ही मौत हो गई। परिजनों का आरोप हैं कि डिलीवरी डॉक्टर की अनुपस्थिति में नर्सिंग स्टाफ के द्वारा कर दी गई। परिजनों ने नर्सिंग स्टाफ पर गलत तरीके से इंजेक्शन लगाने के भी आरोप लगाए हैं। परिजनों ने इसकी शिकायत सीएमएचओ ऑफिस सहित कलेक्टर से दर्ज कराई हैं।
डॉक्टर की अनुपस्थिति में लगाए इंजेक्शन
नरवर तहसील के सुल्तानपुर के रहने वाले कालू राम कुशवाह ने बताया कि उसके भाई सालिगराम की पत्नी मंजू को प्रसव पीड़ा के बाद नरवर के स्वास्थ्य केंद्र में गुरुवार को भर्ती कराया गया था। लेकिन डयूटी पर तैनात नर्स सोनम खान, हेमंत कुशवाह और आशा कार्यकर्ता भूरी कुशवाह का पति कूबेर कुशवाह ने मिलकर बिना डॉक्टर की सलाह लिए उनकी अनुपस्थिति में मंजू को इंग्जेक्शन लगा दिए थे।
फफूंद लगा दिया गया कंबल
कालू राम कुशवाह ने बताया उसके भाई की पत्नी मंजू को इंजेक्शन लगने के बाद तेज सर्दी लगने लगी थी। जब मौजूद नर्सिग स्टाफ से कंबल की मांग की गई। तो उन्हें ओढ़ाने के लिए फफूंद लगा कंबल दिया गया। इसके बाद मंजू की शाम 7 बजे डिलीवरी कर दी गई। नर्सिंग स्टाफ ने काफी देर तक नवजात को परिजनों के सामने नहीं लाया गया था। रात नौ बजे जब उसने बच्चे को दिखाने की बात कही तब उन्हें बच्चा दिखाया गया। बच्चा नीला पड़ चुका था। उसका शरीर भी ठंडा पड़ चुका था। तब बुलाने के बाद सीबीएमओ एनडी शर्मा अस्पताल पहुंचे थे। जहां उन्होंने रात 11 बजे बच्चे को शिवपुरी रेफर कर दिया था।
नहीं मिली 108 एम्बुलेंस, नवजात की हुई मौत
कालू राम कुशवाह ने बताया बच्चे को रेफर करने के बाद 108 एम्बुलेंस को बुलाया गया था। लेकिन एम्बुलेंस को नहीं भेजा गया। जबकि एम्बुलेंस अस्पताल में ही खड़ी थी। इसके बाद वह एक निजी वाहन से बच्चे को लेकर शिवपुरी रवाना हुआ था। लेकिन बच्चे ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। नरवर के स्वास्थ्य केंद्र में बरती गई लापरवाही की शिकायत सीएमएचओ और कलेक्टर से दर्ज कराई हैं।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ संजय रिशेश्वर का कहना है कि शिकायत उनके पास आई हैं। इस मामले में जांच के आदेश दिए हैं। लापरवाही साबित होने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नवजात की कुछ घंटो बाद हुई मौत, डॉक्टर की अनुपस्थिति में कर दी डिलीवरी, इंजेक्शन भी लगाए, फफूंद लगा कंबल दिया / Shivpuri News




