पत्रकार समाज का आइना…:राज्यमंत्री कुशवाह बोले-पत्रकारों की अपेक्षाओं को पूरा करने के हर संभव प्रयास करेंगे / Shivpuri News

शिवपुरी। उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि पत्रकारगणों की सरकार से जो अपेक्षाएँ हैं, उन्हें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के ध्यान में लाकर पूरा कराने के हर संभव प्रयास किए जाएंगे। क्योंकि यह पत्रकार ही हैं जो कोविड के कठिन समय में भी पल-पल की जानकारी आम लोगों तक पहुंचा रहे थे, वो भी अपनी जान की परवाह किए बिना।

मध्यप्रदेश पत्रकार संघ के 30वें स्थापना दिवस पर हुए प्रांतीय अधिवेशन एवं पत्रकार सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री भारत सिंह कुशवाह ने यह कहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने की। कार्यक्रम में पूर्वमंत्री इमरती देवी, कांग्रेस विधायक डॉ. सतीश सिंह सिकरवार, साडा के पूर्व अध्यक्ष जयसिंह कुशवाह, अपर संचालक जनसंपर्क जी एस मौर्य, मध्यप्रदेश पत्रकार संघ के अध्यक्ष सुरेन्द्र माथुर व संस्थापक महासचिव राजेश शर्मा मौजूद रहे।
राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कुशवाह ने कहा कि प्रदेश सरकार पत्रकारों के कल्याण के लिये कटिबद्ध है। सरकार ने पत्रकारों को दी जाने वाली श्रृद्धा निधि के लिये आयु सीमा घटाकर 62 वर्ष से 60 वर्ष कर दी है। कोरोना काल में जिन पत्रकारगणों को हमने खोया है, उनके परिजन को भी सरकार ने हर संभव आर्थिक मदद दी है। राज्यमंत्री कुशवाह ने कहा कि पत्रकार विपरीत परिस्थिति में भी सटीक जानकारी जनता तक पहुँचाते हैं। कोरोना संकट के समय भी मीडिया ने इसे साबित करके दिखाया। पत्रकारों के हितों का ध्यान रखना सरकार के साथ समाज की भी जिम्मेदारी है। प्रदेश सरकार इसका बखूबी ढ़ंग से निर्वहन कर रही है।

सांसद बोले-पत्रकार शब्द अपने आप में संघर्ष
सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि पत्रकार शब्द अपने आप में संघर्ष का पर्याय है। पत्रकार अपनों से, दूसरों से व खुद से संघर्ष कर अपने दायित्व का निर्वहन करता है। कोरोना काल में जब सारे काम बंद हो गए थे ऐसे विपरीत हालात में भी मीडिया का काम जारी रहा। लघु उद्योग विकास निगम की अध्यक्ष इमरती देवी ने कहा कि पत्रकारों द्वारा लिखी गई बात पर जनता विश्वास करती है। इसलिए पत्रकारों की जिम्मेदारी है कि वह सच्चाई का पता लगाने के बाद ही अपनी खबर लिखें, जिससे जनता का भरोसा न टूटे। विधायक डॉ. सतीश सिकरवार ने कहा कि पत्रकारगण सरकार एवं जनता के बीच सेतु व सामंजस्य का कार्य करते हैं। इसलिए इनकी जिम्मेदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। साडा के पूर्व अध्यक्ष जयसिंह कुशवाह ने कहा कि संवेदनशील मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने पत्रकारों के कल्याण के लिये कई काम किए हैं। उम्मीद है यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।

 

पत्रकारों को सम्मानित किय गया

-कार्यक्रम में प्रदेश के 23 शहरों से आए पत्रकारों को इसी मंच पर सम्मानित कर उनका मान बढ़ाया गया। इसमें शॉल व मोमेंटो देकर उनकी पत्रकारिता को सम्मानित किया गया। साथ ही प्रदेश के अन्य शहरों से आए पत्रकारांे और शहर के पत्रकारों को एक दूसरे से मिलने का मंच भी मिला। इसी मंच पर पत्रकारों की समस्याआंे और उनके समाधान पर भी चर्चा की गई।