Press "Enter" to skip to content

ससुरालियों की हैवानियत : दहेज में नहीं दी कार तो 6 माह में प्रताड़ित कर मार डाला बहू को / Shivpuri News

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के तेंदुआ थाना आने वाले ग्राम कुडोनिया गणेश में एक नवविवाहिता के साथ ससुरालियों की हैवानियत का मामला सामने आया है। यहां एक नवविवाहिता को प्रताड़ित कर 6 माह में इसलिए मार डाला क्योंकि उसके पिता ने दहेज में कार नहीं दी थी। इतना ही नहीं बिना पोस्टमार्टम करवाए ससुरालीजन उसका अंतिम संस्कार करने ले जा रहे थे वह तो गनीमत रही कि पुलिस की नजर पड़ गई जिन्होंने हस्तक्षेप कर लाश को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं ससुरालीजन इसे मौत बता रहे हैं तो मायके वाले इसे हत्या बता रहे हैं।

 

जानकारी के अनुसार वर्षा तोमर निवासी ग्राम कंजवाहा थाना खनियांधाना की शादी आज से 6 माह पूर्व विकास उर्फ सोनू निवासी गणेश कॉलोनी, ग्राम कुडोनिया गणेश थाना तेंदुआ के साथ हुई थी। शादी में वर्षा के पिता ने 5 लाख 51 हजार रूपए नकद सहित घर—गृहस्थी का सभी सामान दिया। वहीं ससुरालियों ने कार मांगी तो वर्षा के पिता ने कहा कि अगली फसल आएगी तो कार भी दे देंगे। इसके बाद विदाई कर दी गई और वर्षा अपनी ससुराल चली गई। लेकिन अभी उसे ससुराल में 10 दिन ही हुए थे कि वर्षा पर सास, ननद, ससुर व पति ने जुल्म करना शुरू कर दिए। कार के लिए वर्षा को तरह—तरह से प्रताडित किया जा रहा था। प्रताड़ना को लेकर वर्षा ने कई बार पिता व मां को यह बात बताई जिस पर लड़के को समझाईश दी गई, लेकिन इस समझाईश का कोई असर नहीं हुआ और वर्षा को प्रताडित करना जारी रखा। 6 माह की प्रताड़ना झेलने के बाद वर्षा की आज मौत हो गई। वर्षा के मौत हो जाने पर ससुर ने वर्षा के परिजनों को बताया कि वर्षा की तबीयत खराब है और उल्टी करने के बाद उसकी मौत हो गई है और फोन काट दिया।

 

बिना पोस्टमार्टम करवाए ले जा रहे थे अंतिम संस्कार करने

मृतिका के परिजन करनसिंह ठाकुर ने बताया कि शादी के 10 दिन बाद से ही वह वर्षा को कार के लिए प्रताड़ित करने लगे थे। हमने वर्षा के पति व उसके ससुर से कहा कि फसल आ जाने दो कार दे देंगे लेकिन वह नहीं मानें और वर्षा को लगातार प्रताडित करते रहे और उसकी मारपीट कर हत्या कर दी गई। शादी को अभी 6 माह ही हुए थे। वहीं ससुरालीजन बिना पोस्टमार्टम कराए अपना अपराध छिपाने के लिए उसका अंतिम संस्कार करने ले जा रहे थे वह तो पुलिस आ गई जिन्होंने मामला संदिग्ध देख लाश को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

 

इतना प्रताड़ित किया कि शरीर में जगह—जगह चोट के निशान, वजन रह गया 20 किलो

मृतिका वर्षा के परिजनों ने बताया कि उनकी बेटी को इतना प्रताड़ित किया कि उसके शरीर में जगह—जगह चोट के निशान है इतना ही नहीं शादी के समय वर्षा अच्छी खासी थी लेकिन 6 माह के अंदर ही उसके शरीर की सारी हड्डियां दिखने लगी और वजन 20 किलो तक रह गया था और उसकी हत्या कर दी गई।

 

घटना के बाद ससुरालीजन हुए फरार

वर्षा की मौत के बाद ससुरालीजन फरार हो गए। केवल ससुर ही शिवपुरी आए और जबरदस्ती वर्ष की लाश को पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार करने के लिए ले गए। मामले को लेकर वर्षा  के परिजनों ने कार्रवाई की मांग की है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!