शिवपुरी। नौकरी के दौरान हुए कर्ज को चुकाने भितरवार के एक युवक ने खुद के अपहरण का षड्यंत्र रच दिया। वह मंगलवार को घर से काम पर जाने की कहकर निकला था। इस बीच वह अचानक गायब हो गया और खुद ही परिजन को फोन कर दो लाख रुपए फिरौती मांगी। सूचना मिलने पर परिजन भी युवक को खोजने में जुट गई। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस शिवपुरी पहुंची तो वहां एक होटल में युवक साेते हुए मिल गया। पूछताछ में उसने खुद ही अपहरण की साजिश रचने की बात भी कुबूल कर ली। जानकारी के अनुसार भितरवार के वार्ड क्रमांक 4 में रहने वाला अनिल उर्फ भिंडा प्रजापति (24) मंगलवार को सुबह 4 बजे ईंट भट्टे पर काम के लिए निकला। इसके बाद वह लापता हो गया। कुछ देर बाद परिजन को उसके अपहरण की सूचना मिली और उसके मोबाइल फोन से कॉल आया। कॉल करने वाले ने अनिल को छोड़ने के एवज में दो लाख रुपए फिरौती मांगी। अपहरण कर मांगी गई फिरौती से घबराए परिजन ने पुलिस को जानकारी दी। एसडीओपी अभिनव बारंगे तत्काल बेलगढ़ा पुलिस के साथ युवक को खोजने निकले। इस दौरान रानी घाटी में युवक की बाइक लावारिस हालत में पड़ी मिली। इसी बीच अपहृत युवक का मोबाइल बीच बीच में चालू और बंद होता रहा। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपहरण का मामला दर्ज किया। घटना की जांच के लिए सायबर सेल की मदद ली। इस दौरान पुलिस को अनिल उर्फ भिंडा प्रजापति के मोबाइल की लोकेशन शिवपुरी में मिली। पुलिस की टीम शिवपुरी पहुंचीं। यहां पुलिस को रात 3 बजे एक होटल में अनिल सोते हुए मिल गया। पूछताछ में युवक ने बताया कि कर्ज चुकाने के लिए उसने यह षड्यंत्र रचा था।
कर्ज चुकाने युवक ने रचा खुद के अपहरण का षड्यंत्र, पुलिस को शिवपुरी के होटल में सोते मिला / Shivpuri News




