तेंदुए का आतंक : बागड़ में घुस किया 30 भेड़़ों का शिकार / Shivpuri News

कोलारस क्षेत्र के ढेंकुआ गांव में ग्रामीण भगवत सिंह गडरिया, राधे गडरिया और रामकृष्ण गडरिया की भेड़ों की बागड़ में जंगल से आए एक खूंखार तेंदुए ने हमला कर दिया। तेंदुए के हमले से भेड़ों में भगदड़ मच गई। भेड़ों की आवाज सुन कर ग्रामीण वहां पहुंचे तो तेंदुआ वहां से भाग गया। तेंदुए के इस हमले में ग्रामीणों की 30 भेड़ें मौत के आगोश में समा गईं।

बताया जा रहा है कि इससे पहले तेंदुआ सवाई लाल के घर पर भी हमला कर चुका है। उस समय तेंदुए ने पांच बकरियों का शिकार किया था। तेंदुए के आतंक की शिकायत कई बार वन विभाग को की गई लेकिन विभाग ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।

ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग ने अगर खूंखार तेंदुए को नहीं पकड़ा तो यह तेंदुआ किसी दिन जानवरों की जगह इंसान का भी शिकार कर सकता है।