शिवपुरी। बुधवार शाम कलेक्टर-एसपी ने नए बस स्टैंड पहुंचकर बस संचालकों को निर्देश दिए थे कि वह क्षमता से अधिक सवारियों को ना बैठाए। यदि वह ऐसा करते हैं तो फिर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर एसपी की इस नसीहत को 12 घंटे बाद ही बस संचालक तोड़ते नजर आए। खास बात यह है कि इन बस संचालकों को ट्रेस करने के लिए शहर से 17 किलोमीटर दूर सतनवाड़ा पर पुलिस प्रशासन ने पॉइंट लगाया और जब यहां बसों की तलाशी ली गई तो इसमें 32 सीटर बस में 62 से अधिक सवारियां बस चालक धोते नजर आए। अब इनके खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश एसपी राजेश सिंह चंदेल ने दिए हैं।
दरअसल बुधवार को कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह और एसपी राजेश सिंह चंदेल औचक निरीक्षण करने रोको- टोको अभियान के तहत नए बस स्टैंड पहुंचे थे। जहां उन्होंने बस संचालक को रोक कर समझाईश दी थी कि वह कोरोना संक्रमण के चलते अधिक सवारियां बसों में ना बैठाएं।यदि इस दौरान बसों में मास्क और सेनेटाइजर बस संचालक नहीं रखते हैं तो वह सीधे कार्रवाई के दायरे में आएंगे। अधिकारियों के निर्देशों का बस संचालकों ने 12 घंटे में ही भुला दिया। जब गुरुवार सुबह सतनवाड़ा पर पुलिस ने पॉइंट लगाया तो यहां पर बस संचालक कार्रवाई की जद में आए। शहर में जगह-जगह बसे रुकने से बढ़ते दुर्घटना के खतरे और यातायात की बिगड़ी व्यवस्था को सुधारने के निर्देश कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने यातायात प्रभारी सूबेदार रणवीर सिंह यादव को दिए थे।
उन्होंने कहा था कि बस स्टैंड से बाहर से आने वाली सवारी एक ही जगह उतरें और एक ही जगह से चढ़े।जिससे उनकी जांच पड़ताल भी हो सके और कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा भी कम हो। इसके बाद यातायात प्रभारी ने अब बस चालकों को दिशा निर्देश जारी करते हुए कहा है कि जो भी बसे ग्वालियर से शिवपुरी की ओर आएंगी वह रास्ते में कहीं नहीं रुकेंगे सीधी बस स्टैंड से सवारी उतरेगी और यहीं से उन्हें ऑटो या अन्य वाहनों के जरिए अपने गंतव्य तक जाना होगा। इसी तरह से जब शिवपुरी से गुना के लिए यह बस निकलेगी तो फिर उन्हें बायपास पर खड़े होने की अनुमति नहीं मिलेगी, जो भी यात्री अब गुना की ओर यात्रा करना चाहते हैं उन्हें सीधे बस स्टैंड आकर बस में सवार होना होगा। यदि ऐसा नहीं करते हैं तो फिर उन्हें रास्ते में कहीं से बस नहीं मिलेगी क्योंकि यातायात विभाग में नई गाइडलाइन जारी करते हुए अब बसों को सिर्फ बस स्टैंड पर रोकने के निर्देश दिए हैं।




