नरवर। थाने की मगरौनी चौकी पुलिस ने किसान की रिपोर्ट पर चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। किसान जगदीश सिक्ख का कहना है कि धान का उत्पादन 15 लाख रुपए में ठेके पर दिया था। जिसमें से उसे सिर्फ 4 लाख रु. दिए और 11 लाख रुपए ना देकर उसके संग धोखाधड़ी हुई है।
फरियादी जगदीश पुत्र बख्शीश सिंह सिख निवासी गढौली ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसने अपनी 20 हैक्टेयर जमीन में धान की पैदावार करने बेअंत सिंह सिक्ख निवासी मोहना को 15 लाख रुपए में ठेके पर दी थी। जुलाई 2020 में सौदा हुआ और 2 लाख रुपए नगद जगदीश को दे दिए। इसके बाद 850 क्विंटल धान का उत्पादन हुआ। बेअंत सिंह 350 क्विंटल धान उस समय ले गया। जबकि 500 क्विंटल धान जगदीश सिंह को दे गया। कुछ दिनों बाद लोटा और धान के भाव बढ़ने की कहकर 500 क्विंटल धान भी उठाकर ले गया। शेष 13 लाख रु. मांगे तो बेअंत सिंह ने 2 लाख रु. दे दिए। इसके बाद 11 लाख रुपए शेष देने से मना कर दिया। मगरौनी चौकी पुलिस ने बेअंत सिंह सहित उसके तीन साथी सनी सिक्ख, संदीप सिक्ख व करन सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।




