
शिवपुरी। पोहरी थाना क्षेत्र के ग्राम अतरौआ में बीती रात्रि चोरों ने बिना किसी डर भय के एक मकान के मुख्य दरबाजे का ताला तोड़कर दूसरी मंजिल पर स्थित कमरे में रखी 12 बोर की लायसेंसी बंदूक और डेढ़ लाख रूपए कीमत के आभूषण चोरी कर लिए। खास बात यह रही कि जिस समय चोर घर में घुसे थे उस समय परिवार के सभी सदस्य निचले तल पर कमरों में सो रहे थे जिन्हें चोरों के आने की भनक तक नहीं लगी और चोर बड़े इत्मिनान के साथ वहां से निकल गए। कल सुबह जब घर के सदस्य जागे तो उन्हें घर में हुई चोरी की जानकारी लगी।
दीपक पुत्र हरिनारायण शर्मा निवासी अतरौआ अपने परिवार के साथ खाना खाकर निचले तल पर स्थित कमरों में जाकर सो गए। रात्रि करीब 10 बजे से लेकर सुबह आठ बजे के बीच कोई अज्ञात चोर ने मकान के मुख्य दरबाजे पर लगे ताले को तोड़ दिया। इसके बाद चोर सीढ़ियों की सहायता से मकान की दूसरी मंजिल पर स्थित कमरे में पहुंचे जहां रखे बक्से में लगे ताले को चोरों ने पास में रखी चाबी से खोल लिया और चोर ने बक्से में रखी एक 12 बोर की बंदूक, 3 तौला बजनी सोने की चार चूड़ियां, एक तौला बजन की दो सोने की अंगूठी, पायल एवं करधौनी बजनी 500 ग्राम चुरा ले गए। सुबह जब परिवार के सदस्य जागे तो उन्हें मकान के मुख्य दरबाजे का ताला टूटा हुआ मिला और जब उन्होंने दूसरी मंजिल की कमरे में जाकर देखा तो वहां बक्सा खुला हुआ था और कपड़े बिखरे हुए थे जिससे वह समझ गए कि उनके घर में चोरी हुई है। तुरंत ही घटना की जानकारी पुलिस को दी गई जहां मौके पर फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और स्नोफर डॉग पहुंचे।






Be First to Comment