नरेश मेडीकल संचालक ने चाट ठेला बाले की बीच बाजार में लगाई धुनाई

रिपोर्ट करने जा रहे फरियादी के साथ परिवार के सदस्यों को घेर कर लाठियों से किया लहू लुहान
शिवपुरी। कमलागंज में मेडीकल की दुकान संचालित करने वाले संचालक ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर वहां चाट का ठेला लगाने वाले अधेड़ के साथ बुरी तरह मारपीट कर दी। बाद में जब पीड़ित अपने परिवार के सदस्यो के साथ थाने रिपोर्ट दर्ज कराने जा रहा था। जहां तीन आरोपियों ने मीट मार्केट पर उन्हें रोक लिया और उनकी लाठियों व सरियों से बुरी तरह मारपीट कर दी। इस घटना में ठेला संचालक सहित उसके परिवार के दो सदस्य बुरी तरह घायल हो गए। जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने इस मामले में मेडीकल संचालक और उसके परिवार के दो सदस्यों पर मामूली धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया। जबकि उनके साथ मारपीट करने वाले आरोपियों की ओर से भी पुलिस ने क्रॉस मामला दर्ज कर लिया। 
जानकारी के अनुसार महेश कुमार पुत्र जगन्नाथ प्रसाद गुप्ता अपने घर के बाहर चाट का ठेला लगाकर रोजगार करते हैं। वहीं उनके मकान के पास नरेश मेडीकल के नाम से दुकान संचालित करने वाले आरोपी नरेश प्रजापति पिछले कई दिनों से श्री गुप्ता के ठेले को हटवाने के लिए प्रयासरत था। लेकिन वह अपने मनसूबों में सफल नहीं हो पाया और आज आरोपी नरेश ने श्री गुप्ता के ठेले को हटाने के लिए उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। जिसका श्री गुप्ता ने विरोध किया तो आरोपी ने अपने परिवार के सदस्य रामचंद्र प्रजापति और बाबलू प्रजापति को मौके पर बुला लिया और तीनों ने मिलकर महेश गुप्ता की मारपीट कर दी। आरोपियों ने उनके मुंह में मुक्के मारे और उनकी पीठ पर डंडें। जिससे श्री गुप्ता के मुंह और नाक से काफी खून बहने लगा। जब यह जानकारी उनके परिवार के मोनू गुप्ता और जितेंद्र गोयल को लगी तो उन्होंने घायल अवस्था में उन्हें सड़क से उठाया और आरोपियों की शिकायत करने तीनों थाने जाने के लिए रवाना हुए। जिससे आरोपी आक्रोशित हो गए और उन्होंने उनका पीछा कर मीट मार्केट में रोक लिया। जहां आरोपियेां ने बीच बाजार में लाठियों और सरियों से तीनों पर हमला बोल दिया। इस घटना में महेश गुप्ता की पीठ और पैर में गंभीर चोट आई हैं। वहीं मोनू का हाथ फैक्चर हो गया और जितेंद्र का भी पैर फैक्चर हुआ है। जिन्हें अस्पताल लाने पर डॉक्टर ने उन्हें भर्ती कर लिया है।