
दहेज में मांगते थे बाइक
शिवपुरी। विगत जुलाई माह में कृष्णा जाटव द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने जांच के बाद मृतिका के पति संजीव जाटव और सास भागवती जाटव के खिलाफ भादवि की धारा 304बी, 498ए, 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस जांच में स्पष्ट हुआ है कि दोनों आरोपी मां-बेटे पीडि़ता से दहेज के रूप में बाइक की मांग कर रहे थे और न देने पर दोनों उसे प्रताडि़त करते थे जिससे वह काफी तंग आ चुकी थी।
कृष्णा द्वारा आत्महत्या किए जाने की जांच करने वाले कोलारस एसडीओपी अमरनाथ वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया है कि 4 जुलाई को गांधीनगर लुकवासा में सुबह 6 बजे कृष्णा पत्नी संजीव जाटव की लाश कमरे में फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली थी। उस समय पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया था इसी दौरान मृतिका के माता-पिता ने शिकायत की कि कृष्णा से उसका पति और सास दहेज की मांग कर रहे थे जिससे वह काफी परेशान थी और इसी कारण के चलते उसने आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने उक्त आरोपों की जांच की तो जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी मां-बेटे कृष्णा को प्रताडि़त करते थे।






Be First to Comment