

श्रीगणेश सांस्कृतिक समारोह समिति द्वारा विगत वर्ष हुई प्रतियोगिता में विजेताओं को किया गया पुरुस्कृत
शिवपुरी। अनंत चतुर्दशी के दिन रातभर चलने वाली प्रतियोगिताओं में शिवपुरी के कलाकार एक से बढ़कर एक कला का प्रदर्शन करते हैं और मेरी आकांक्षा है कि यहां के कलाकार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएं। इस दिशा में मैं प्रयासरत हूं और मेरी देश के प्रसिद्ध पाश्र्व गायक सोनू निगम से भी बातचीत हुई है और मैं यहां उन्हें लेकर आऊंगी तथा यहां की प्रतिभाओं को दिल्ली में प्रशिक्षित करवाऊंगी। उक्त उदगार सुप्रीम कोर्ट एड. संगीता जोशी ने स्थानीय परिणय वाटिका में आयोजित पुरुस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि की हैसियत से व्यक्त किए। समारोह में विगत वर्ष गणेश सांस्कृतिक समारोह समिति द्वारा आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरुस्कृत किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दुर्गा वाहिनी की राष्ट्रीय अध्यक्ष शालू गोस्वामी ने की। मंचासीन लोगों में गणेश सांस्कृतिक समारोह समिति के अध्यक्ष तेजमल सांखला, कार्यवाहक अध्यक्ष मनीष जैन, उपाध्यक्ष प्रमोद गर्ग, सिद्धार्थ लढ़ा, तरूण अग्रवाल आदि शामिल थे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही सुश्री शालू गोस्वामी ने कहा कि बच्चों में बेमिसाल प्रतिभा देखकर वह अभिभूत हैं और ऐसे प्रतिभाशाली बच्चों को मंच प्रदान कर गणेश सांस्कृतिक समारोह समिति ने बहुत अच्छा काम किया है जिसके लिए समिति बधाई की पात्र है। इसके बाद प्रतियोगिता में विजयी होने वाले प्रतिभागियों, अनंत चौदस की रात्रि को शहर में विभिन्न स्थानों पर खान पान के मुफ्त स्टॉल लगाने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं, निर्णायकों, प्रायोजकों, सहयोगियों और पत्रकारों को समिति ने सम्मानित किया। प्रारंभ में अतिथियों ने गणेश जी के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्वलन किया। आयोजकों ने अतिथियों का सम्मान किया तथा समिति के अध्यक्ष तेजमल सांखला ने अपने उद्बोधन में समस्त अतिथियों, उपस्थित नागरिकों, पत्रकारों और प्रशासन तथा पुलिस के अधिकारियों को धन्यवाद दिया। समिति की रूपरेखा का वाचन उपाध्यक्ष प्रमोद गर्ग ने किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से दैनिक सांध्य तरूण सत्ता के प्रधान संपादक डॉ. रामकुमार शिवहरे, गणेश सांस्कृतिक समारोह समिति के संयोजक रामकृष्ण मित्तल, डॉ. भगवत बंसल, मुकेश आचार्य, विजय चौकसे, बृज दुबे आदि भी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन महेन्द्र रावत ने किया।
बॉक्स
इन्हें किया गया सम्मानित
चल झांकी प्रतियोगिता में प्रथम पुरुस्कार टेकरी का राजा, अचल झांकी जूनियर में जयशिव बाल मंडल झांकी समिति प्रथम, अंचल झांकी सीनियर में जलमंदिर का राजा, सुंदर मूर्ति प्रतियोगिता में कमलागंज का राजा प्रथम, सुंदर विमान प्रतियोगिता में जयमहामाई समिति प्रथम, सुंदर पांडाल प्रतियोगिता में टेकरी का राजा प्रथम, नृत्य प्रतियोगिता में कृतिका सोनी, करिश्मा शिवहरे प्रथम, गणेश गैंग डांस ग्रुप द्वितीय, नृत्य प्रतियोगिता जूनियर अनमोल भार्गव प्रथम, बैड डांस में अंकित अमन प्रथम, गु्रप डांस जूनियर में मुस्कान डांस ग्रुप प्रथम, आनंद जूनियर डांस में तीसरा, बैंड प्रतियोगिता में दीपक बैंड प्रथम के अलावा प्रायोजकों में डॉ. रामकुमार शिवहरे को सम्मानित किया गया। डॉ. शिवहरे को स्व. शिवगोपाल शिवहरे परमार्थ समिति तथा शिवहरे समाज द्वारा अनंत चौदस की रात्रि को खानपान के स्टॉल लगाने पर भी सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में योग गुरू पाराशर, सहयोगी पत्रकार, कपिल सहगल व एन साउण्ड, बालाजी स्टूडियो, एसआर ग्रुप, अपना केबल आदि भी शामिल हैं।






Be First to Comment