
शिवपुरी। चाइल्ड लाइन लिखी कार का हूटर निकाला, नेताओं की नेम प्लेट हटवाईं जिला परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस ने गुरुवार को संयुक्त कार्रवाई में कारों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की। विधानसभा चुनाव को देखते हुए चुनाव आयोग ने आदेश जारी किए हैं। जिसमें हूटर लगे और रजिस्ट्रेशन नंबर के साथ लगीं पदनाम वाली प्लेट को हटाने की कार्रवाई की गई है। इस दौरान चाइल्ड लाइन लिखी कार से लगा हूटर हटाया गया। ट्रैफिक थाना प्रभारी रणवीर सिंह यादव ने बताया कि प्राइवेट गाड़ी को व्यक्ति द्वारा मांग के आधार पर सरकारी विभागों में किराए पर ले जाता था। इसलिए हूटर के साथ मप्र शासन भी लिखवा रखा था। इसी तरह भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, कांग्रेस सेवादल शिवपुरी के जिला संगठन मंत्री, बिजली कंपनी के एसई, प्रेस क्लब कोलारस के अध्यक्ष सहित, अन्य गाडिय़ों की पदनाम वाली प्लेट हटवाई गईं। जिला परिवहन अधिकारी मधु सिंह ने बताया कि 3 कारों से हॉर्न निकलवाया है और 10 गाडिय़ों से पदनाम से संबंधित प्लेट हटवाई हैं। सभी के खिलाफ चालानी कार्रवाई के साथ-साथ हिदायत देकर छोड़ा गया है। शहर के गुना चुंगी नाके पर दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक गाडिय़ों की चैकिंग कर कार्रवाई की गई है। आरटीओ और ट्रैफिक थाना प्रभारी का कहना है कि पहले दिन कम ही गाडिय़ों पर कार्रवाई की गई है। शुक्रवार को फिर से चैकिंग अभियान चलाकर कार्रवाई करेंगे। पहले दिन की कार्रवाई में चालान काटकर करीब साढ़े हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया है।
चुनाव आयोग को फोटो सहित भेजी कार्रवाई की रिपोर्ट
ट्रैफिक थाना प्रभारी और आरटीओ की संयुक्त कार्रवाई के बाद देर शाम चुनाव आयोग को रिपोर्ट भेजी गई है। चुनाव आयोग ने कार्रवाई कर प्रत्येक दिन की जानकारी मांगी है। ट्रैफिक थाना प्रभारी रणवीर सिंह का कहना है कि संबंधित वाहनों के फोटो सहित कार्रवाई की जानकारी चुनाव आयोग को भेज दी है। किसी भी पार्टी के पदाधिकारी या सरपंच, पार्षद सहित अन्य संगठन के लोग अपनी गाडिय़ों पर पदनाम संबंधी प्लेट नहीं लगा सकते हैं। चुनाव आयोग की सख्ती की वजह से ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।






Be First to Comment