
शिवपुरी। शहर के प्रमुख डाकघर में 23, 24, 25 अगस्त को एक साथ 1 हजार से अधिक राखी के लिफाफे आ गए हैं। यह लिफाफे आम लोगों को नहीं बल्कि प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान द्वारा जिले भर की बहनों के नाम पोस्ट करवाए हैं, जो रक्षाबंधन पर्व से पहले बहनों तक पहुंचाए जाने हैं। अकेले दो दिन में 3 बंडलों में भरे लिफाफे शिवपुरी पहुंचाए गए हैं। ऐसे में इन लिफाफों की छटाई करने में ही डॉक कर्मियों के पसीने छूट रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने भावनात्मक पत्र में बहनों और भांजियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाओं के साथ अपने 13 साल के कार्यकाल की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया है। उन्होंने इस माध्यम से अगले कार्यकाल के लिए 5 साल का समर्थन मांगा है। पत्र में सीएम ने लिखा है कि आने वाले 5 सालों में अपनी बहनों, भांजियों और बेटियों के लिए अधिक सुरक्षित, सम्मानित और खुशहाल वातावरण बनाकर उनकी आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करना ही मेरे जीवन का लक्ष्य है।
महत्वपूर्ण बात तो यह है कि इन दिनों डाक विभाग में कर्मचारियों की भी कमी है। ऐसे में इतनी बड़ी संख्या में इन लिफाफों को जिले भर में पहुंचाना भी कर्मचारियों के लिए टेड़ी खीर साबित हो रहा है। शनिवार को शहर के प्रमुख डाकघर का जायजा लिया तो पत्रों और राखियों के ढेर को व्यवस्थित करने में पूरा स्टॉफ सुबह से जुटा हुआ था। शासन द्वारा सारी औपचारिकताओं के साथ लिफाफे भेजे गए हैं। प्रत्येक लिफाफे में बहन का नाम, पति का नाम, गांव का नाम व पिनकोड लिखा है। साथ ही प्रत्येक लिफाफे में चार रुपए की टिकट भी चिपकाई गई है।






Be First to Comment