
वक्ताओं ने स्व.महाजन के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर डाला प्रकाश
शिवपुरी। पोहरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रहलाद भारती ने कहा कि स्व.रामजी महाजन ने सर्वहारा वर्ग के लिए कार्य किया। स्व.श्रीरामजी महाजन महापुरूष थे, रामजी महाजन के कारण ही आज सभी क्षेत्रों में पिछड़े वर्ग के लोग विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिनिधित्व कर समाज एवं देश की सेवा कर रहे है। आवश्यकता इस बात की है कि स्व.रामजी महाजन जो पदचिन्ह बनाकर गए है, हम उनपर चलकर लोगों की सेवा करें।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने स्व.रामजी महाजन के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए अपनी श्रृद्धांजलि दी। कार्यक्रम में पिछड़े वर्ग के गणमान्य नागरिक सहित जनप्रतिनिधियों आदि उपस्थित थे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पूर्व विधायक माखनलाल राठौर ने कहा कि स्व.श्री रामजी महाजन ने पिछड़े वर्ग में जन्म जरूर लिया। लेकिन अपनी योग्यता, मेहनत और विशाल व्यक्तित्व होने के कारण उन्हें समाज के सभी वर्गों का स्नेह एवं प्यार मिला। स्व.रामजी महाजन आयोग का ही परिणाम है कि आज पिछड़ा वर्ग के लोगों को विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिनिधित्व एवं सेवा करने का अवसर प्राप्त हुआ है। डिप्टी कलेक्टर श्री आर.बी.प्रजापति ने कहा कि जो परोपकार करता है, वो महापुरूष होता है। उसकी कोई जाति, धर्म, समाज नहीं होता है। स्व.श्री रामजी महाजन उनमें से एक थे। डॉ.महेन्द्र महाजन ने कहा कि स्व.श्रीरामजी महाजन बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे। स्व.श्री महाजन व्यक्ति नहीं बल्कि एक संस्था थे। वो गरीबो एवं पिछड़े वर्गों के मसीहा थे।
उपसंचालक जनसंपर्क अनूप सिंह भारतीय ने कहा कि रामजी महाजन के साथ उन्हें बैतूल में काम करने का सौभाग्य मिला। स्व.श्री रामजी महाजन ने किसी वर्ग विशेष के लिए नहीं बल्कि सर्वहारा वर्ग के लिए कार्य किया। भागीरथ कुशवाह ने कहा कि पिछड़ा वर्ग के लिए जो आरक्षण प्राप्त हो रहा है, वह स्व.श्री महाजन की ही देन है। अधिवक्ता विनोद धाकड़ ने कहा कि स्व.श्री महाजन द्वारा निर्मित महाजन आयोग के कारण मध्यप्रदेश में शासकीय सेवाओं में पिछड़ा वर्ग को आरक्षण प्राप्त हुआ है। उन्होंने इस प्रकार के कार्यक्रम में पिछड़े वर्ग के अधिक से अधिक लोगों को शामिल होने की बात कही। अवतार सिंह गुर्जर, रघुवीर कुशवाह, प्रेमनारायण कुशवाह, गोस्वामी, हरिसिंह कुशवाह आदि ने उनके नाम पर चौराहा, स्टेच्यू एवं पार्क बनाए जाने तथा किसी छात्रावास के नामकरण की बात कही और कहा कि राज्य सरकार द्वारा स्व.श्री महाजन की स्मृति में पिछड़ा वर्ग के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वालों को महाजन पुरस्कार भी प्रदाय किया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन डिप्टी कलेक्टर आर.बी.सिंडोस्कर ने किया। कार्यक्रम के शुरू में उपस्थित जनसमुदाय ने स्व. महाजन के चित्र पर फूल मालाए चढ़ाकर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। आदिम जाति कल्याण विभाग के निरीक्षक नंदूलाल राय ने कार्यक्रम की विस्तार से जानकारी दी।






Be First to Comment