
बर्षाकाल में भी नहीं मिल पा रहा पानी
नपा अधिकारियों को शिकायत दर्ज कराई लेकिन कोई सुनवाई नहीं
शिवपुरी। नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत सर्किट हाउस रोड पर रामबाग कॉलोनी के लोग बारिश के दौर में भी पीने के पानी को लेकर परेशान हैं। यहां पर नगर पालिका के ट्यूबवेल से रामबाग कॉलोनी में जो पाइप लाइन डली थी उसे दोशियान कंपनी ने छह महीने पहले खुदाई के दौरान तोड़ दिया इसके कारण अब पानी सप्लाई ठप है। बारिश के दौर में नपा के ट्यूबवेल में भूमिगत जलस्तर बढ़ चुका है इसके बाद भी पानी सप्लाई नहीं हो पा रही है। रामबाग कॉलीनी में रहने वाले राजेश गुप्ता, घनश्याम अग्रवाल, महादेव शर्मा, मोनू, गिर्राज आदि ने बताया कि उनकी कॉलोनी में प्लास्टिक की जो पाइप लाइन डली थी उसे तोड़े जाने के बाद इसे अभी तक नहीं बदला गया है और वह कई बार नपा के जिम्मेदार अधिकारियों को अपनी समस्या से अवगत करा चुके हैं। इसके बाद भी कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। लोगों ने बताया है कि नगर पालिका में जल शाखा है वहां पर कोई जिम्मेदार अधिकारी न होने के कारण प्लास्टिक की पाइप लाइन नहीं मिल पा रही इसके कारण नगर पालिका यहां पर नई लाइन नहीं डाल पा रही है।
सीएम हेल्पलाइन में की शिकायत
कॉलोनीवासियों ने बताया कि पानी सप्लाई में बाधा आने और पाइप लाइन टूटने की शिकायत सीएम हेल्पलाइन पर भी की गई है लेकिन इसके बाद भी निष्क्रिय अधिकारी जनता की परेशानी की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इस कॉलोनी में 300 से ज्यादा लोग पानी सप्लाई न होने से पीने के पानी को लेकर परेशान हो रहे हैं।
नपा का बुरा हाल, एई से लेकर दूसरे अधिकारी गायब
नगर पालिका में जलशाखा सहित अन्य निर्माण काम देखने वाले अधिकतर तकनीकि अधिकारी इस समय गायब हैं। सूत्रों ने बताया है कि जल शाखा में लगातार हो रहे भ्रष्टाचार के कारण यहां पर पिछले एक साल में दो अधिकारियों की बदली हो चुकी है। सिंध जलावर्धन योजना ेमें हुए भ्रष्टाचार के बाद जल शाखा का प्रभार भगवान भरोसे चल रहा है इस कारण लोगों की जो समस्याएं हैं वह सुलझ नहीं पा रहीं। इसके अलावा दूसरी तकनीकि अधिकारी जैसे सब इंजीनियर व एई भी कई दिनों से गायब बताए जा रहे हैं। इससे नगर पालिका के अधिकतर काम ठप हैं।
क्या कहते हैं जिम्मेदार
अभी हमारे पास पाइप नहीं हैं इस कारण से रामबाग कॉलोनी में लाइन नहीं बदल पा रहे हैं। हमने वरिष्ठ अधिकारियों को लिखकर दे दिया है। जब लाइन आएगी तब बदल देंगे।
कोमल कुशवाह
जोन प्रभारी,नपा कर्मचारी, गांधी पार्क टंकी
रामबाग कॉलोनी की लाइन को दोशियान ने तोड़ दिया था मैंने अधिकारियों को अवगत कराया है। नए पाइप नहीं हैं और जल शाखा की हालत भी इस समय खराब है इसलिए पाइप लाइन नहीं बदल पा रही।
ज्योति धाकड़
पार्षद वार्ड 7 शिवपुरी






Be First to Comment