Press "Enter" to skip to content

भाजपा किसानों को अपना आराध्य मानती है और किसान भगवान बलराम को: रणवीर रावत

आज किसानों का सम्मान कर मेरी कार्य करने की सार्थकता सिद्ध हुई: सोनू बिरथरे
किसान मोर्चा ने पोहरी में 101 किसानों का शॉल, श्रीफल एवं माल्यार्पण कर किया सम्मान
शिवपुरी। भारतीय किसान मोर्चा शिवपुरी द्वारा पोहरी विधानसभा में राधाकृष्ण वाटिका जलमंदिर रोड पर भगवान बलराम जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा किसान मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष रणवीर सिंह रावत रहे जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रमेन्द्र सोनू बिरथरे द्वारा की गई, वहीं मंच पर विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिला महामंत्री ओमप्रकाश शर्मा ओमी गुरू, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नबाव सिंह कुशवाह, विवेक पालीवाल, बृजेन्द्र सिंह तोमर, पूर्व जिपं उपाध्यक्ष जंडेल सिंह गुर्जर, पूर्व जनपद अध्यक्ष गगन खटीक, भाजपा जिलामंत्री जगदीश रावत, पृथ्वीराज जादौन, भाजपा मंडल अध्यक्ष रामबाबू मंगल बैराड, हरनारायण कुशवाह पोहरी, मुरारीलाल धाकड़ सतनवाड़ा, किसान मोर्चा जिला महामंत्री भरत धाकड़,  जिला उपाध्यक्ष रवि रावत, दयाकिशन रावत, जिला कोषाध्यक्ष राजीव जैन, जिला मंत्री प्रदीप त्रिवेदी, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष शैलेन्द्र शर्मा पोहरी, महेन्द्र यादव बैराड़, प्रकाश गुर्जर सतनवाड़ा, राजू शर्मा आदि शिवपुरी मंचासीन रहे। 
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बलराम के चित्र पर दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया गया। इसके बाद पोहरी विधानसभा के 101 किसानों को शॉल, श्रीफल एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। भाजपा जिलामंत्री पृथ्वीराज सिंह जादौन द्वारा स्वागत भाषण देते हुए कार्यक्रम को आगे बढ़ाया, वहीं कार्यक्रम की रूपरेखा पर जिलाध्यक्ष प्रमेन्द्र सोनू बिरथरे ने प्रकाश डालते हुए कहा कि मैंने पूर्व में युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष के रूप में जो कार्य किया उसके बाद मुझे किसान मोर्चा की जिम्मेदारी मिली और प्रदेशाध्यक्ष रणवीर सिंह रावत के नेतृत्व में किसान मोर्चा द्वारा आज जो अन्नदाता के रूप में पहचाने जाने वाले किसानों का सम्मान किया उससे मेरी काम करने की सार्थकता सिद्ध हुई है। आज जय जवान, जय किसान के नारे का सही चरितार्थ हुआ। भाजपा सरकार द्वारा पहले सैनिकों का सम्मान किया और अब किसानों का भी सम्मान किया है। 
किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रमेन्द्र सोनू बिरथरे द्वारा मप्र एवं केन्द्र सरकार की किसान हितैषी जन-कल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज किसानों की जो पीड़ा और दर्द है उसे भाजपा की सरकार ने समझा है और किसानों की उपज को लागत से डेढ़ गुने पर खरीद कर किसानी को लाभ का धंधा बनाने का काम मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया है। ऐसा करने वाली भाजपा देश में एकमात्र सरकार है। श्री बिरथरे ने कहा कि आज हमारे किसानों ने कम रकबे पर भी अधिक पैदावार करके दिखाया है, वह चार बीघा पर ही एक से डेढ़ लाख की पैदावार निकाल रहे हैं, भैंसें भी पाल रहे हैं उन्होंने मप्र की धरती पर अपना प्रयोग किया है ऐसे किसानों ने प्रदेश में अपनी छाप छोड़ी है। ऐसे किसानों का हम सम्मान इसलिए करते हैं ताकि इनके अनुभव अन्य किसानों को भी मिल सकें। 
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रणवीर सिंह रावत द्वारा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा किसानों की, गरीबों की और गांव की सरकार है। भाजपा किसानों को अपना आराध्य मानती है और किसान भगवान बलराम को अपना आराध्य देव मानते हैं इसलिए भाजपा आज भगवान बलराम की जयंती मना रही है। श्री रावत ने शिवपुरी किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष सोनू बिरथरे के तारीफों के कसीदे गाढ़ते हुए कहा कि वह युवा होने के साथ-साथ समझदार भी हैं उनके नेतृत्व में प्रदेश में शिवपुरी किसान मोर्चा का पहला नंबर आता है। इसके अलावा श्री रावत ने आजादी के बाद से कांग्रेस द्वारा किसानों के लिए योजनाएं नहीं बनाने की बात भी कही। श्री रावत ने किसान मोर्चा द्वारा प्रदेश के किसानों के हित में किए जा रहे कार्यों पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन किसान मोर्चा पोहरी मंडल अध्यक्ष शैलेन्द्र शर्मा एवं आभार प्रदर्शन भरत धाकड़ द्वारा किया गया। कार्यक्रम में करीब सात से आठ सैंकड़ा किसान उपस्थित थे। इसी प्रकार जिले की अन्य विधानसभाओं में भी किसान मोर्चा द्वारा भगवान बलराम की जयंती मनाई।
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!