Press "Enter" to skip to content

शांतिपूर्ण तरीके से शहर बंद, बसों के थमे पहिए, जगह-जगह पुलिस तैनात

शिवपुरी। एससीएसटी एक्ट में संशोधन के विरोध में आज 6 सितंबर को शिवपुरी शहर शांतिपूर्ण तरीके से बंद है। सुरक्षा की दृष्टि से शहर के माधवचौक चौराहे सहित विभिन्न स्थलों पर पुलिस बल तैनात है। शहर में कहीं-कहीं नाश्ते, फल फू्रड की दुकानें अवश्य खुली दिखीं, वहीं माधवचौक चौराहे पर स्थित बल्लभचंद पेट्रोल पंप पर पेट्रोल डलवाने वालों की भीड़ दिखाई दी, वहीं टोडरमल पेट्रोल पंप सहित अन्य पेट्रोल बंद मिले। कुल मिलाकर सपाक्स के आह्वान पर दुकानदारों व व्यापारिक संगठन ने स्वेच्छा से अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद रखने का जो निर्णय लिया था उसे पूरा किया और शांतिपूर्ण तरीके से बिना किसी दबाव के बंद को समर्थन दिया। इसके अलावा बसों का संचालन भी बंद रहा।  बुधवार की देर शाम कलेक्टर शिल्पा गुप्ता ने 6 सितंबर को सभी सरकारी और निजी स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी है। वहीं कॉलेजों में गुरुवार को होने वाली परीक्षा भी फिलहाल रद्द कर दी गई है। 
उल्लेखनीय है कि शिवपुरी शहर के बाजार में सपाक्स की तरफ से दुकानों के बाहर पर्चे चस्पा कराए गए थे। वहीं दुकानदारों ने स्वैच्छिक रूप से 6 सितंबर को अपने अपने प्रतिष्ठान बंद रखने का निर्णय लिया था। प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन की तरफ से भी गुरुवार की छुट्टी कर देने के बाद कलेक्टर ने भी सरकारी व गैर सरकारी स्कूलों की छुट्टी का आदेश जारी कर दिया था। प्राइवेट बस ऑपरेटर, पेट्रोल पंप संचालक सहित अन्य व्यापारिक संगठन भी बंद का समर्थन कर रहे हैं और अपने प्रतिष्ठान भी बंद किए हुए हैं।

शहर में पुलिस बल तैनात

जिले में मंगलवार से धारा 144 लागू हो चुकी है। इसके चलते पुलिस मंगलवार से ही सक्रिय हो गई थी। बुधवार से ही शहर भर में मुख्य चौराहों सहित कलेक्टोरेट में पुलिस बल तैनात रहा। आदिम जाति कल्याण विभाग की ओर से संचालित डॉ. आंबेडकर मंगलम भवन के बाहर पुलिस तैनात रही। शहर में कहीं भी कोई गतिविधियां नजर नहीं आई जो एससीएसटी एक्ट संशोधन के समर्थन या विरोध में आवाज उठाता नजर आया हो। 

बच्चों को परेशानी न हो, इसलिए की स्कूलों में छुट्टी

कलेक्टर शिल्पा गुप्ता ने बुधवार देर शाम स्कूलों की छुट्टी का आदेश जारी किया है। आदेश में कहा गया है कि 6 सितंबर को सभी सरकारी व निजी स्कूल बंद रहेंगे, लेकिन शिक्षक उपस्थित होकर अपना शिक्षण कार्य करेंगे। जिले में कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए बच्चों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए यह आदेश जारी किया गया है। 

बसें भी रहीं बंद

बंद के समर्थन में बस ऑपरेटरों ने अपना समर्थन दिया और बसों का संचालन बंद रहा।  सपना बस संचालक जय सिंह रावत ने बताया कि उनकी बसें आज बंद हैं। अन्य बस ऑपरेटरों ने भी बसें नहीं चलाने का निर्णय लिया है, यानी शिवपुरी जिला मुख्यालय से गुना, ग्वालियर, श्योपुर, झांसी सहित ग्रामीण रूटों पर बसें संचालित नहीं हो रही हैं, इसका मतलब न बसें आएंगी न जाएंगी। ऐसे में यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!