
शिवपुरी। उमावि मुढ़ैरी में पदस्थ कॉमर्स के अध्यापक धीरेन्द्र शाक्य ने स्कूल के प्राचार्य भरत भार्गव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। धीरेन्द्र का कहना है कि स्कूल के प्राचार्य उन्हें पिछले दो साल से प्रताडि़त कर रहे हैं, उन्हें जातिगत आधार पर अपशब्द कहते हैं। यहां तक कि उनके साथ भेदभाव भी करते हैं। बकौल धीरेन्द्र विरोध करने पर प्राचार्य उन्हें धमकी देते हैं कि उनकी पहुंच ऊपर तक है। इसलिए कोई कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा। धीरेन्द्र का यह भी कहना है कि वह इस संबंध में राज्यपाल से लेकर सीएम, आयुक्त सहित जिले के अधिकारियों को कई बार आवेदन देकर शिकायत कर चुके हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही। इस प्रताडऩा के चलते मानसिक तौर पर बेहद परेशान हो चुके हैं और कई बार आत्महत्या करने का मन बना चुके हैं।
शिक्षक धीरेंद्र कुमार का कहना है कि प्राचार्य भरत भार्गव बच्चों को भड़काकर क्लास से भगा देते हैं। धीरेन्द्र की मानें तो प्रमोशन के बाद उक्त स्कूल में उनकी पदस्थापना कॉमर्स के शिक्षक के रूप में हुई है, लेकिन वे उन्हें बच्चों को पढ़ाने नहीं देते और जातिगत आधार पर बच्चों के सामने जलील करते हैं। उनकी क्लास में किसी अन्य शिक्षक को पढ़ाने भेज देते हैं।
विवादों में रहे हैं प्राचार्य
जिस प्राचार्य भरत भार्गव पर अध्यापक ने प्रताडऩा के आरोप लगाए हैं, वे पूर्व में भी विवादों में रहे हैं। परिच्छा हाईस्कूल में पदस्थी के दौरान शिक्षिकाओं ने भी उन पर गंभीर आरोप लगाए थे। इसके अलावा इसी स्कूल में पदस्थ रहे तत्कालीन अध्यापक अंगदसिंह तोमर से भी उनका विवाद हुआ था। इन मामलों में तत्समय विभागीय जांच भी की गई थी।






Be First to Comment