Press "Enter" to skip to content

डेंगू का कहर, एक महिला की मौत, 94 लोगों को निकला डेंगू


बचाव के उपाय ठंडे बस्ते में
शिवपुरी। शिवपुरी जिले में डेंगू का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। स्थिति यह है कि डेंगू अब लोगों की जान भी लेे रहा है। रविवार को शिवपुरी शहर में सर्किट हाउस रोड रामबाग कॉलोनी निवासी एक महिला सोनी राजपूत (28) की डेंगू से मौत हो गई। महिला की मौत को लेकर जब स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से जानकारी ली गई थी तो स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों सहित मलेरिया विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं थी। डेंगू के बढ़ते प्रकोप के बीच अभी तक 94 पॉजिटिव मरीज मिल चुके हैं लेकिन इसकी रोकथाम के लिए जिला प्रशासन केवल कागजी उपाय ही कर रहा है। पिछले डेढ महीने से डेंगू के केस लगातार बढ़ते जा रहे हैं इसके बाद भी इसकी रोकथाम के लिए जो प्रभावी उपाय किए जाने चाहिए थे वह नहीं हो रहे। 

पहले 94 केस पॉजिटिव निकले, अब जा रही है जान

डेंगू के बढ़ते प्रकोप के बीच अभी जिले भर में 94 मरीज पॉजिटिव निकले हैं। केवल शिवपुरी शहर में ही 58 मरीज डेंगू पॉजिटिव मिल चुके हैं। शहरी क्षेत्र में बढ़ते डेंगू केस के बीच अब लोगों की जान भी जा रही है। खास बात यह है कि स्वास्थ्य विभाग अपनी कमियां छुपाने में लगा है। मरीजों को जो डाटा रखा जाना चाहिए उससे किनारा किया जा रहा है। जिस महिला की डेंगू से मौत हुई है उसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को न होना यह बताता है कि मलेरिया विभाग व अन्य अमला इसकी रोकथाम के लिए सतर्क नहीं। कुल मिलाकर खानापूर्ति की जा रही है। 

फॉगिंग मशीन ताले में, मर रहे हैं मरीज

मलेरिया विभाग के अधिकारियों ने बताया है कि उनके पास मच्छरों को मारने के लिए फॉगिंग मशीन नहीं है। लेकिन नगर पालिका के पास बड़ी फॉगिंग मशीन हैं जो स्टोर रूम के ताले में बंद है। मलेरिया विभाग के नगर पालिका से भी सर्वे और दवा छिड़काव के लिए जो स्टाफ मिलना चाहिए वह नहीं मिल रहा है। कुल मिलाकर डेंगू के खिलाफ अभियान कागजी रूप से चल रहा है और लोगों की जान जा रही है।

क्या कहते हैं अधिकारी

डेंगू के 94 केस पॉजिटिव मिले हैं लेकिन महिला की मौत की खबर हमारे पास नहीं है। मैं पता करवाता हूं। नगर पालिका से सहयोग न मिल पाने के कारण शहर में फॉगिंग मशीन से मच्छर मारने का काम नहीं हो पा रहा। फिर भी हम अपने स्तर से डेंगू रोकथाम के लिए लगे हुए हैं। 
लालजू शाक्य
जिला मलेरिया अधिकारी, शिवपुरी
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!