शिवपुरी।शहर में करीब पांच साल पहले हुई सीवर खुदाई का दंश आज भी रह रहकर झेलने को शहरवासी मजबूर हैं। नगर की ज्यादातर सडकें बन जाने के बावजूद अब भी कई सड़कों का निर्माण होना बाकी है। इसके नतीजे में इन बदहाल सड़कों से उडने वाली धूल से लोगों को निजात नहीं मिल पाई है। लोगों को साल 2018 की शुरूआत में आस थी कि सड़कों का निर्माण हो जाएगा और धूल से उन्हें निजात मिल जाएगी लेकिन बदहाल सड़कों का दंश आज भी शहरवासी झेल रहे हैं और सड़कों से उडने वाली धूल से उन्हें आज तक निजात नहीं मिल पाई है। इधर एक ओर कुछ सड़कों का निर्माण नहीं हुआ और दूसरी तरफ कुछ सडकें बनकर तैयार हुईं उन्हें लेकर लोगों का कहना है कि जिन सड़कों का निर्माण हुआ वह इतना घटिया हुआ कि कुछ तो सड़कें उखड़ गई तो कुछ की पुलिया इतनी घटिया थीं कि निर्माण के कुछ माह बाद ही धसक गई और उनमें बड़े बड़े गड्ढे हो गए, जिससे यातायात पूरी तरह से बाधित हो रहा है। लोगों को नए साल 2019 से आस है कि इस साल सड़कों का निर्माण पूरा हो जाएगा। उन्हें धूल से निजात मिल सकती है।
सड़क निर्माण तो किया, लेकिन बड़ा बनाया फुटपाथ
शहर के कोतवाली रोड पर सड़क का निर्माण तो किया गया। इसे थीम रोड नाम भी दिया गया, लेकिन यहां फुटपाथ इतना बड़ा बना दिया गया है कि दो वाहन एक साथ नहीं निकल पाते हैं नतीजे में जाम के हालात कोतवाली रोड पर नजर आते हैं, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। लोगों का कहना था कि फुटपाथ की चौड़ाई कुछ कम होती तो दो वाहन एक साथ निकलते, जिससे यहां आवागमन में परेशानी नहीं होती।
तीन जगह धसकी पुलिया
शहर के मीट मार्केट के सामने अग्रवाल धर्मशाला रोड पर तो लक्ष्मी निवास के पास व एक अन्य स्थान पर सड़कों के साथ बनाई गई पुलिया भी कुछ माह बाद ही क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिया में बड़े-बड़े गड्ढे हो गए, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और कई बार वाहन चालक पुलिया के इन गड्ढों के कारण चोटिल हो रहे हैं।
सड़कों से उड़ने वाली धूल दे रही बीमारी
शहर की सड़कों से अब भी धूल उड़ रही है और सड़कों से उड़ने वाली धूल लोगों को बीमारी दे रही है। शहर के अधिकांश लोगों को दमा व श्वांस की बीमारी हो रही है। लोगों का कहना है कि पहले सीवर खुदाई के चलते लोगों ने धूल खाई और सड़क निर्माण के बाद भी सड़कों की घटिया क्वालिटी के कारण सड़कों से धूल उड़ रही है, जिससे लोग बीमारी की चपेट में आ रहे हैं।
ग्वालियर से लेकर गुना बायपास की सड़क बदहाल
भारी वाहन शहर से न गुजरे, इसके लिए शहर के ग्वालियर रोड से लेकर गुना रोड तक बायपास का निर्माण किया गया था, लेकिन उचित रखरखाव न होने के चलते यह सड़क पूरी तरह से बदहाल है। इसमें बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
सड़क बनी नहीं आरपीएफ लगा रही रोड़ा
वैसे तो आरपीएफ का काम रेलवे स्टेशन की व्यवस्थाओं व सुरक्षा से जुड़ा होता है, लेकिन शिवपुरी में आरपीएफ आमजन के कामों में भी रोड़े अटकाने से पीछे नहीं हट रही। शहर के सर्किट हाउस होकर बायपास से रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग का निर्माण इन दिनों नगर पालिका द्वारा किया जा रहा है, लेकिन इसमें सड़क के बीच में पोल स्थापित कर आरपीएफ ने सड़क निर्माण में बाधा उत्पन्ना कर दी है, जबकि कई साल बाद बन रही इस सड़क के निर्माण से रेलवे स्टेशन जाने के लिए दो विकल्प तैयार हो जाएंगे और पोहरी रोड बस स्टैंड वाले मार्ग पर वाहनों का दबाव भी कम हो सकेगा। आरपीएफ का कहना है कि उन्होंने धूल के कारण ऐसा किया है।






Be First to Comment