
शिवपुरी। कोतवाली थाना क्षेत्र के पोहरी रोड पर स्थित सिद्धिविनायक अस्पताल के सामने बीते दोपहर दो बाईकों में आमने सामने की भिडत में एक युवक की मौत हो गई। जबकि इस घटना में दूूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। इस मामले में पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपी बाईक सवार के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार अखैसिंह पुत्र परसादी लाल निवासी करमाजकलां थाना सिसरौद अपने साथी अमरगिरि के साथ बाइक से वापस अपने गांव जा रहा था। तभी सिद्धिविनायक अस्पताल के सामने से आ रही बाईक के चालक ने बाइक को तेजी और लापरवाही से चलाते हुए टक्कर मार दी। इस घटना में दोनों बाईक सवार घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए लाते समय अखैसिंह के साथ बाइक पर पीछे बैठे अमरगिरि की मौत हो गई। जबकि अखैसिंह व आरोपी बाइक चालक का उपचार जारी है।




