शिवपुरी। मेडिकल कॉलेज शिवपुरी में पैरामेडिकल स्टाफ भर्ती प्रक्रिया की जांच के आदेश के बाद सीनियर रेजीडेंट भर्ती का नया मामला सामने आया है। डेंटल डिपार्टमेंट में सीनियर रेजीडेंट के लिए 10 से 12 आवेदकों को साक्षात्कार के लिए कॉल लेटर जारी किए गए थे। लेकिन एकाएक साक्षात्कार स्थगित कर बाद में सूचना देनी की बात कही। आचार संहिता के दौरान दंत रोग विभाग के लिए सीनियर रेजीडेंट की खाली पोस्ट पर एक महिला अभ्यर्थी को नियुक्ति दे दी गई है। बिना साक्षात्कार पोस्टिंग का मामला सामने आने पर मेडिकल कॉलेज प्रबंधन के हाथ-पांव फूलते नजर आ रहे हैं। पोस्टिंग जारी करने के मामले को दिखवाने की बात कही जा रही है।
जानकारी के अनुसार दंत रोग विभाग में सीनियर रेजीडेंट के लिए पोस्ट के लिए विज्ञप्ति जारी हुई थी। इस पद के लिए 30 से 35 लोगों के आवेदन आए। फाइनल लिस्ट में 10 से 12 लोगों को कॉल लेटर जारी कर साक्षात्कार के लिए 5 मई 2018 का समय दिया गया। डॉ. रोहित शर्मा, डॉ. राहुल शर्मा निवासी ग्वालियर, डॉ. राजवीर सिंह यादव सहित अन्य आवेदकों ने संपर्क किया। बाद में एकाएक साक्षात्कार स्थगित कर कर दिए। अगली तारीख के इंतजार के बाद जनवरी महीने में पता चला कि संबंधित पोस्ट पर किसी अन्य की नियुक्त कर दी गई है। जबकि साक्षात्कार के लिए पुन: किसी को कॉल लेटर तक जारी नहीं किए गए। मेडिकल कॉलेज पीआरओ डॉ गिरजा गुप्ता का कहना है कि सीनियर रेजीडेंट डेंटल पोस्ट पर डॉ प्रीति भदौरिया की पोस्टिंग कैसे हुई, इसे दिखवा रहे हैं।
उधर एक आवेदक डॉ. रोहित शर्मा का आरोप है कि सीनियर रेजीडेंट डेंटल के लिए हमने आवेदन किए थे। कॉल लेटर भी हमारे पास है। 5 मई को साक्षात्कार स्थगित कर दिया। फिर कोई सूचना नहीं दी। पिछले महीने ही डॉ प्रीति भदौरिया को भर्ती कर लिया। इसी माह पता चला है। इस संबंध में डीन से चर्चा की है। उनकी तरफ से खास जवाब नहीं मिला है।






Be First to Comment