शिवपुरी/ शहर में सात साल की मासूम की छह माह पूर्व दुर्घटना में मौत बता दी
गई। लेकिन पुलिस की जांच में यह मामला हत्या अाैर दुराचार के प्रयास का
निकला। आरोपी ने मासूम के साथ पहले गलत काम करने की कोशिश की। जब बच्ची ने
विरोध किया और यह बात मां को बताने की धमकी दी ताे आरोपी ने बच्ची का दीवार
में सिर दे मारा। इसके बाद मुंह दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया। बाद में
दुर्घटना बताकर परिजन व पुलिस को भी गुमराह कर दिया। यही नहीं आरोपी ने
शिवपुरी में अपना मकान बेच दिया और अशोकनगर जाकर रहने लगा। देहात थाना
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है।
जानकारी के मुताबिक जिला अस्पताल शिवपुरी में 23 जून 2018 को सात साल
की मासूम को परिजन इलाज के लिए लाए। पुलिस को दुर्घटना में मौत होने की
सूचना दी गई। विवेचना में पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया। पीएम रिपोर्ट
से पता चला कि बच्ची के साथ किसी ने दुराचार के प्रयास किया, फिर हत्या कर
दी। पिता को भी अपनी बेटी की मौत संदिग्ध लगी। इसलिए पुलिस को आवेदन दिया
था। पुलिस ने आरोपी परवेज खान (26) पुत्र जीसान अहमद निवासी पीएचक्यू लाइन
शिवपुरी को अशोकनगर जिला मुख्यालय पर नई सराय से गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी शिवपुरी में अपना मकान बेचकर अशोकनगर रहने लगा था। हत्या करने वाला
आरोपी रिश्ते में मासूम का चचेरा भाई ही निकला है।
जिस घर के सामने दुर्घटना बताई, मकान मालिक ने किया इनकार
आरोपी परवेज ने बच्ची की मौत की दुर्घटना होने की जानकारी परिजन व
पुलिस को दी थी। विवेचना के दौरान पुलिस बताए गए घटना स्थल पहुंची। यहां
फरीद मास्टर के मकान के सामने दुर्घटना बताई थी। मकान मालिक फरीद ने बताया
कि वह दिन भर घर के बाहर बैठे रहते हैं। 23 जून की दोपहर 3.30 बजे कोई
दुर्घटना नहीं हुई। पुलिस को यहीं से संदेह हो गया।
एक महिला ने बच्ची को गोदाम में ले जाते आरोपी को देखा था
पूछताछ में सामने आया कि बर्तन मांजने वाली महिला सरोज ने बच्ची
को गोद में उठाकर ले जाते हुए आरोपी परवेज का देखा था। पुलिस ने जांच के
बाद 22 दिसंबर 2018 को जांच डायरी एसपी को बढ़ा दी। 24 दिसंबर को केस डायरी
मिलते ही मामले में धारा 302, 376, 201, 511, 7/8 पाॅस्को एक्ट के तहत
मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश
किया, जहां से उसे जेल भेज दिया है।
आरोपी ने स्वीकारा, विरोध करने पर दीवार में सिर दे मारा, मुंह दबाया
एसआई नरेंद्र गुर्जर ने बताया कि आरोपी परवेज ने पूछताछ में अपराध
स्वीकार लिया है। आरोपी ने बताया कि बच्ची दुकान के बाहर से गुजरी। उसने
उसे रोक लिया और घर के अंदर उठाकर ले गया। गलत काम की कोशिश की तो बच्ची
विरोध करने लगी। बच्ची ने यह बात अपनी मां को बताने के लिए कहा। इसलिए
बच्ची का सिर दीवार में दे मारा। फिर हाथों से मुंह-नाक दबा दी। सांस रुकने
से बच्ची की मौत हो गई।






Be First to Comment