शिवपुरी। मीजल्स, खसरा रोग निर्मूलन एवं रूबेला रोग नियंत्रण किए जाने के लिए जिले में मंगलवार से मीजल्स और रूबेला टीकाकरण अभियान का नगर पालिका अध्यक्ष शिवपुरी मुन्नालाल कुशवाह एवं कलेक्टर अनुग्रह पी ने शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक.1 शिवपुरी में शुभारंभ किया। इस मौके पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं को टीका लगाया है।
शुभारंभ कार्यक्रम में जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन डॉ. पीके खरे जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. संजय ऋषिश्वर, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. निसार अहमद, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एनएस चौहान, डब्ल्यूएचओ के एसएमओ डॉ. बाला गणेशन, विद्यालय के प्राचार्य विवेक श्रीवास्तव सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं आदि उपस्थित थे।
नगर पालिका अध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह टीका एक नहीं दो बीमारियों से बच्चों को बचाएगा। अतः सभी बच्चे इस टीके को आवश्यक रूप से लगवाए।
कलेक्टर अनुग्रह पी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि 9 माह से 15 वर्ष तक के बच्चों को अभियान के माध्यम से खसरा और रूबेला बीमारी के नियंत्रण हेतु टीके लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह खुशी की बात है कि इस अभियान के माध्यम से आज उन्हें संस्था के छात्र-छात्राओं से रूबरू होने का मौका मिला। उन्होंने छात्र-छात्राओं से आवाह्न किया कि वे पूरी लगन, मेहनत एवं मन लगाकर परीक्षाओं में बेहतर अंक प्राप्त करें। कक्षा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षाएं भविष्य तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निर्वाहन करती है। अतः छात्र-छात्राएं कंप्यूटर के साथ-साथ अंग्रेजी एवं गणित विषय पर भी विशेष ध्यान दें।
छात्र-छात्राओं को किया पुरस्कृत
नगर पालिका अध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह एवं कलेक्टर अनुग्रह पी ने टीकाकरण अभियान के दौरान विद्यालय के 6 छात्र-छात्राओं द्वारा टीका लगवाने पर उन्हें सम्मानित भी किया। जिसमें ऋतु शर्मा, तनिष्का शर्मा, पावनी बंसल, अंकेश परिहार, अभिषेक रावत और अमन वर्मा शामिल है। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य विवेक श्रीवास्तव ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बताया कि गतवर्ष शासकीय उत्कृष्ट उमावि क्रमांक.1 का परीक्षा परिणाम प्रदेश में सर्वोत्तम रहा है। इस संस्था के तीन छात्रों द्वारा राजकीय प्रवीण्य सूची में स्थान प्राप्त किया है। कार्यक्रम का संचालन संस्था की व्याख्याता स्वाति बांझल ने किया।
उल्लेखनीय है कि 15 जनवरी से 15 फरवरी 2019 तक चलने वाले इस टीकाकरण अभियान के तहत जिले के नौ माह से लेकर 15 वर्ष तक लगभग 5 लाख 58 हजार 546 बच्चों कवर होंगे। जिसमें 3 हजार 671 स्कूलों के 03 लाख 60 हजार 230 बच्चे और 02 हजार 408 आगनवाडी केन्द्रों के लगभग 01 लाख 98 हजार 316 बच्चे शामिल हैं।






Be First to Comment