कोलारस विधायक रघुवंशी ने कांग्रेस सरकार के कसीदे पढ़े
भोपाल ।। भारतीय जनता पार्टी मध्य प्रदेश में अपनी हार को लेकर कितना भी तिलमिलाए लेकिन उसके विधायक कांग्रेस की नई नवेली सरकार के रंग में रंगने से बच नही पा रहे है ।
जी है ! यह बिल्कुल सच है । एक ओर प्रदेश के कदावर भाजपाई नेता कमलनाथ सरकार के स्थायित्व को लेकर प्रश्नचिन्ह लगा रहे है लेकिन अपने ही घर को संभाल नही पा रहे है । हमारी इस खबर की पुष्टि कांग्रेस से भारतीय जनता पार्टी में आये और टिकट लेकर शिवपुरी जिले की कोलारस सीट से जीते विधायक वीरेंद्र रघुवंशी के ताज़ा बयान से होती है , जिसमे उन्होंने प्रत्यक्ष रूप से कांग्रेस सरकार की प्रशंसा अपने समर्थकों के बीच कर डाली , रघुवंशी का यह बयान उनके निर्वाचन क्षेत्र कोलारस में चौबीसों घंटे बिजली आने को लेकर दिया गया है यह बयान वायरल वीडियो के जरिये सार्वजनिक हुआ है । जिसमे वीरेंद्र रघुवंशी अपने समर्थकों से यह कहते हुए नज़र आ रहे है कि उनके निर्वाचन क्षेत्र के लोग उन्हें फोन कर यह शिकायत कर रहे हैं की 24 घंटे लगातार बिजली आने से खेतो में फसल को ज्यादा पानी दिया जा रहा है जिससे फसल के खराब होने और वाटर लेवल कम होने की संभावना है । अतः वे प्रशासन से बातकर बिजली की कटौती करवाये । रघुवंशी यह बात कहते हुए बड़े ही प्रसन्न नज़र आ रहे है , रघुवंशी का यह कथन कांग्रेस सरकार के राज में बिजली की अघोषित कटौती के आरोपो को स्वत ही मिथ्या साबित कर रहा है , ऐसा लगता है कि रघुवंशी भाजपा में आकर विधायक बनने के बाद भी अपनी पुरानी कांग्रेसी आत्मा को कांग्रेस के प्रभाव से मुक्त नही कर पाए है ।



