
कांग्रेस की सरकार आने के बाद भी सांसद सिंधिया का फोटो था गायब
अंत्योदय मेले में खेल विभाग के बैनर पर था भाजपा विधायक यशोधरा राजे का फोटो
शिवपुरी। शिवपुरी में गुरुवार को जिला स्तरीय अंत्योदय मेले में खेल विभाग के बैनर पर कांग्रेस नेता और स्थानीय सांसद ज्योतिरादित्य की जगह पर उनकी बुआ और भाजपा विधायक यशोधरा राजे सिंधिया का बैनर देखकर जिले के प्रभारी मंत्री व प्रदेश के खाद व नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रद्युम्मन सिंह तोमर नाराज हो गए। मेले में खेल विभाग द्वारा जो स्टॉल लगाया गया था उसमें भाजपा विधायक यशोधरा राजे सिंधिया का फोटो तो था लेकिन कांग्रेस की सरकार आने के बाद भी स्थानीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया का फोटो इस बैनर से गायब था। जब अंत्योदय मेले में स्टॉलों के निरीक्षण के दौरान ज्योतिरादित्य समर्थक और उनके कोटे से मंत्री बने प्रद्युम्मन सिंह तोमर ने यह बैनर देखा तो वह खेल विभाग के अधिकारियों पर नाराज हो गए। नाराजगी जाहिर करते हुए श्री तोमर ने कहा कि सांसद ज्योतिरादित्य का फोटो क्यों नहीं है। अब ऐसा नहीं चलेगा। यह परिपाटी बदलो। मैं इस बारे में कलेक्टर से भी बात करूंगा। खेल विभाग का यह बैनर मेले में चर्चा का विषय रहा और कई कांग्रेसी भी इस पर कटाक्ष करते देखे गए।






Be First to Comment