शिवपुरी। अध्यापक संवर्ग को छठवें वेतनमान के एरियर के प्रथम किस्त की राशि जो कि उन्हे आठ माह पूर्व मई में भुगतान होनी थी। संकुल प्राचार्यों व आहरण संवितरण अधिकारियों की लापरवाही के चलते अध्यापकों को एरियर की प्रथम किस्त की राशि आठ माह बीत जाने के बाद भी अध्यापकों को नही मिल पाई है। जिले के कई संकुल तो ऐसे हैं जहां एक भी अध्यापक को एरियर की राशि का भुगतान नहीं हुआ है।
अध्यापक संविदा शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राजकुमार सरैया एवं आजाद अध्यापक संघ के जिलाध्यक्ष सुनील वर्मा एवं कार्यवाहक जिलाध्यक्ष विपिन पचौरी ने बताया कि संयुक्त मोर्चा द्वारा भी जिला शिक्षाधिकारी आरबी सिंडोस्कर से एरियर की प्रथम किस्त की राशि समस्त अध्यापकों को दिलाये जाने की मांग ज्ञापन के माध्यम से की गई थी। जिस पर यथा समय जिला शिक्षाधिकारी ने त्वरित कार्रवाई कर तीन वार नोटिस संकुल प्राचार्य व आहरण संवितरण अधिकारी को जारी किये थे। जिस पर कुछ अध्यापकों की सेवापुस्तिका जिला पंचायत से प्रमाणित कराकर एरियर का भुगतान तो कर दिया गया। लेकिन अध्यापकों का बहुत बड़ा समूह एरियर के लाभ से आज भी वंचित है। कर्मचारी संघों की मांग पर इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षाधिकारी आरबी सिंडोस्कर ने जिले के समस्त संकुल प्राचार्य व आहरण संवितरण अधिकारी को पत्र जारी कर एरियर की राशि समस्त अध्यापकों को भुगतान कर इस आशय का प्रमाणीकरण मांगा है तथा प्रमाणीकरण प्रस्तुत करने के उपरान्त ही संबधित संकुल प्राचार्य एवं आहरण संवितरण अधिकारी को अपना वेतन आहरित करने के निर्देश दिए हैं। तथा अध्यापक संवर्ग के लोक सेवकों की नियुक्ति राज्य स्कूल शिक्षा सेवा संवर्ग में होने पर अध्यापकों को प्राप्त छठवे वेतनमान के समकक्ष सातवे वेतनमान के भत्ते व वेतन देने की कार्यवाही प्राथमिकता से करने के निर्देश आहरण संवितरण अधिकारी को पत्र जारी कर दिए हैं। त्वरित कार्यवाही करने पर संघ ने जिला शिक्षाधिकारी का आभार माना है।



