चांदी के रथ में सवार होकर निकलेगी श्रीजी की भव्य शोभायात्रा
शिवपुरी। वसंत पंचमी के अवसर दिगंबर जैन समाज का वार्षिक विमान उत्सव का कार्यक्रम आगामी 10 फरवरी, रविवार को सानंद और हर्षोल्लास से संपन्न होगा। इस अवसर पर सकल दिगंबर जैन समाज द्वारा श्रीजी की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस पूरे आयोजन में इस बार समाधिस्थ आचार्य सुमतिसागर महाराज के शिष्य बालचार्य संयमसागर महाराज का भी सानिध्य समाज को प्राप्त होगा। उल्लेखनीय है कि प्रतिवर्ष वसंत पंचमी के अवसर पर दिगंबर जैन समाज द्वारा रथयात्रा का आयोजन बड़े ही धूमधाम से किया जाता है, जिसमें पूरे शिवपुरी जिले से जैन समाज जे श्रद्धालुगण शामिल होते हैं।
चन्द्रप्रभ दिगंबर जैन मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष चिन्तामणि जैन क़िलावानी एवं ट्रस्टी चौधरी अजित जैन ने बताया कि, रथयात्रा सुबह 9 बजे चन्द्रप्रभ दिगंबर जैन मंदिर निचला बाजार से प्रारंभ होकर, न्यूब्लॉक, आर्य समाज रोड होती हुई, कस्टम गेट होती हुई चंद्रप्रभ जिनालय निचला बाज़ार पहुंचेगी, जहां रथयात्रा का विश्राम होगा। तत्पश्चात दोपहर में 12:30 बजे से श्रीजी की रथ यात्रा का कार्यक्रम पुनः प्रारंभ होगा। इसके आचार्य संयम सागर महाराज का मंगल उद्बोधन भी समाज को प्राप्त होगा। तत्पश्चात रथयात्रा सदर बाजार, माधव चौक, बस स्टैंड से होती हुई आदिनाथ जिनालय पहुंचेगी जहां श्रीजी का अभिषेक शान्तिधारा के उपरांत, सकल दिगम्बर जैन समाज का वात्सल्य भोज होगा। सांयकाल रथयात्रा की वापसी आदिनाथ जिनालय से मधवचौक, संयम कीर्ति स्तंभ, धर्मशाला रोड होती हुई चन्द्रप्रभ जिनालय पर होगी।





Be First to Comment