
शिवपुरी। शहर के शासकीय गर्ल्स कॉलेज शिवपुरी में गुरुवार को जिला परिवहन विभाग की तरफ से शिविर लगाया गया। काॅलेज में पढ़ने वाली छात्राओं ने ड्राइविंग लाइसेंस के लिए एक-एक कर फार्म भरे। इस दौरान करीब 60 छात्राओं ने मुफ्त लाइसेंस के लिए फार्म भरे। पिंक ड्राइविंग अभियान के तहत कॉलेज में यह कैंप लगाया गया। शिविर में जिला परिवहन अधिकारी मधुसिंह ने छात्राओं को ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी। शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से सामाजिक कार्यकर्ता जीतेश जैन,आंकड़ा विश्लेषक देवेंद्र सिंह धाकड़ एवं आउटरीच कार्यकर्ता मनीष शर्मा ने छात्राओं के आवेदन पत्र निशुल्क ऑनलाइन कर परिवहन अधिकारी को प्रस्तुत किए। जिला परिवहन अधिकारी ने कॉलेज में ही कुछ छात्राओं की ड्राइव टेस्ट भी लिया। बता दें कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत बालिकाओं में आत्मविश्वास को बढ़ाने के लिए निशुल्क ड्राइविंग लाइसेंस दिलाने के निर्देश शासन द्वारा जारी किए गए हैं।
एक दिन बाद मुफ्त लाइसेंस जारी होंगे
कॉलेज की छात्राओं के आवेदन ऑनलाइन हो जाने के बाद लर्निंग लाइसेंस एक दिन बाद यानी शुक्रवार के बाद जारी हो जाएंगे। कॉलेज प्रबंधन को लाइसेंस मुहैया कराकर छात्राओं को वितरित किए जाएंगे। तीस दिन का लर्निंग लाइसेंस रहेगा, उसके बाद स्थाई लाइसेंस छात्राओं को अलग से बनवाना पड़ेंगे।






Be First to Comment