मां राजेश्वरी मंदिर से 151 कलशों की निकलेगी भव्य यात्रा, होगा जागरण
शिवपुरी। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी गुप्त नवरात्रि के अवसर पर झांसी रोड़ स्थित प्राचीन मां काली के दरबार में जागरण परिवार द्वारा आगामी 12 फरवरी को 24वां वार्षिक महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है जिसमें विशाल रात्रि जागरण, फूल बंग्ला व छप्पन एवं माता का खजाना बांटने का आयोजन किया जाएगा। रात्रि जागरण में कृष्णा म्युजिकल ग्रुप ऑर्केस्ट्रा एण्ड पार्टी द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी।
जागरण परिवार के व्यवस्थापक राजकुमार त्यागी व भरत ओझा एड.ने बताया कि मां काली के दरबार में हर माह की शुक्ल पक्ष की सप्तमी को रात्रि जागरण का आयोजन किया जाता है और साल के अंत में गुप्त नवरात्रि के पावन पर्व हर वर्ष वार्षिक महोत्सव का आयोजन किया जाता है। इसी प्रकार यह आयोजन आगामी 12 फरवरी को मां काली के दरबार में आयोजित होने जा रहा है जिसमें सुबह 9 बजे राजेश्वरी माता मंदिर से 151 कलश रखकर महिलाएं कलश यात्रा में भाग लेंगी, रात्रि में फूल बंगला से मां काली के दरबार को सजाया जाएगा तथा छप्पन भोग मां काली को लगाया जाएगा तथा रात्रि के समय ही म्युजिकल ग्रुप आर्केस्ट्रा द्वारा बाहर के आए हुए भजन कलाकारों जिसमें दतिया से ऋचा पुरोहित व ग्वालियर से प्रमोद रसीला द्वारा विशेष जनों की शानदार प्रस्तुति दी जाएगी। रात्रि जागरण में सुबह 4 बजे मां काली माता का खजाना श्रद्धालुजनों में बांटा जाएगा। इसके पश्चात सुबह 5 बजे मां काली की आरती की जाएगी। 13 फरवरी को मां के दरबार में हवन एवं कन्या भोज का आयोजन किया जाएगा।



