
शिवपुरी। गुना शिवपुरी लोकसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी केपी यादव अपने प्रचार में जादूगरों की भी सेवाएं ले रहे हैं। ये जादूगर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में फड़ लगाकर लोगों से भाजपा प्रत्याशी को वोट देने की अपील कर रहे हैं। प्रचार अभियान में जादूगर का प्रयोग अनूठा है। एक वरिष्ठ भाजपा नेता ने बताया कि क्षेत्र में प्रचार के लिए जादूगरों की टोलियां उतार दी गई हैं। जो गली मोहल्ले में पहुंचकर जहां लोगों का जादू से मनोरंजन कर रहे हैं वहीं भाजपा का प्रचार भी कर रहे हैं।
बीते रोज एक जादूगर फिजीकल क्षेत्र मेें काली माता मंदिर के पास पहुंचा जहां उसने अनोखे करतब दिखा दिखाकर भीड़ एकत्रित कर ली और इसके बाद उसने प्रचार की कमान संभाली। जादूगर के साथ भाजपा प्रत्याशी का एक बैनर लगा वाहन भी साथ चल रहा है जिस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, सांसद नरेंद्र सिंह तोमर, प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव और स्थानीय विधायक यशोधरा राजे सिंधिया के फोटो लगे हुए है। जादूगर हाथ में थैला लेकर भीड़ में मौजूद युवकों को अपने पास बुलाता है और उन्हें थैले की तलाशी लेने के लिए कहता है, जब थैले में कुछ नहीं मिलता तो जादूगर कुछ मंत्र पढ़कर युवकों से पुन: थैले की तलाशी की बात कहता है और इसके बाद उस खाली थैले से भाजपा के चुनाव चिन्ह कमल का झण्डा उसमें से निकलता है। इस तरह के करतब दिखाने के बाद जादूगर लोगों से अपील करता है कि भाजपा की सरकार उन्हें बनानी है और भाजपा से अच्छी पार्टी पूरे देश में नहीं है इसलिए वह अपना कीमती वोट भाजपा के प्रत्याशी केपी यादव को दें और केंद्र में मोदी की सरकार बनाएं। जादूगर लोगों से यह भी अपील करता है कि रूपए और शराब लेकर वह अपने देश के साथ खिलवाड़ न करे और अपनी बुद्धि व विवेक से देश और क्षेत्र का विकास करने वाले सांसद और प्रधानमंत्री को चुने। जादू के यह करतब देखने के लिए लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हो रहे हैं और उसके कारनामों पर खूब तालियां बजा रहे हैं। अब देखना यह है कि आने वाली 23 मई को किसके सिर पर जीत का ताज सजेगा और भाजपा द्वारा किए जा रहे इस अनोखे उपयोग का वोटरों पर कितना प्रभाव पड़ेगा।






Be First to Comment