
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 14 टेबिलों पर होगी गणना
शिवपुरी। लोकसभा निर्वाचन 2019 के तहत डाले गए मतों की गणना हेतु नियुक्त अधिकारियांे एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने हेतु आज मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण जिला पंचायत कार्यालय पोहरी रोड शिवपुरी के सभाकक्ष में प्रदाय किया गया है।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एच.पी.वर्मा ने कहा कि मतगणना निर्वाचन का महत्वपूर्ण भाग है। मास्टर ट्रेनर्स यह सुनिश्चित करें कि मतगणना कार्य में लगे अधिकारियों को वह पूरी गंभीरता के साथ प्रशिक्षण दें। उन्होंने कहा कि मतगणना के संबंध में भारत निर्वाचन आयोग के जो दिशा-निर्देश दिए गए है, उनका पूरी गंभीरता के साथ अध्ययन करंें तथा जो भी डाउटस हो, उन्हें प्रशिक्षण में दूर कराए।
प्रशिक्षक के रूप में प्रशिक्षण देते हुए प्रो.एस.एस.खण्डेलवाल ने ईव्हीएम मशीन के कंट्रोल यूनिट (सीयू) में दर्ज मतों की गणना के साथ विभिन्न प्रपत्रों की पूर्ति की जानकारी दी। श्री खण्डेलवाल ने बताया कि गुना संसदीय निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 04 में नोटा सहित कुल 14 उम्मीदवार है, जबकि ग्वालियर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 03 के तहत नोटा सहित कुल 19 उम्मीदवार है। उन्होंने बताया कि एक से 14 टेबिलों का परिणाम घोषित होने के बाद ही अगले राउण्ड के परिणाम की गणना होगी। प्रत्येक राउण्ड के परिणाम के प्रति मतगणना अभिकर्ताओं को प्रदाय की जाएगी।
प्रो.ए.पी.गुप्ता ने प्रशिक्षण में बताया कि 23 मई को प्रातः 08 बजे शा.स्नातकोत्तर महाविद्यालय शिवपुरी में बनाए गए मतगणना केन्द पर पांच मतगणना कक्षों में मतगणना होगी। उन्होनंे बताया कि सबसे पहले डाक मतपत्र की गणना होगी। गुना संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के तहत आने वाले 8 सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के डाक मतपत्रों की गणना रिटर्निंग आफीसर गुना-शिवपुरी में होगी। जबकि जिले की करैरा एवं पोहरी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र जो ग्वालियर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में होने के कारण रिटर्निंग आफिसर ग्वालियर के समक्ष होगी।
उन्होंने बताया कि मतगणना कार्य 5 कक्षों में किया जाएगा। गणना पर्यवेक्षक गणना सहायक आदि को रिटर्निंग आफिसर द्वारा शपथ दिलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि डाकमत पत्र के प्रत्येक अभ्यर्थी के 50-50 के बण्डल बनाए जाएगें। उन्होंने वी.वी.पेट की पर्ची की गणना के संबंध में प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण में बताया गया कि लोकसभा चुनाव 2019 में डाले गए मतों की गणना हेतु प्रत्येक विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 14-14 गणना टेबिल लगायी जाएगी। एक तरफ 14 एवं दूसरी तरफ 14 टेबिले लगाई जाएगी। दोनों तरफ की टेबिलों के सामने संबंधित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र का सहायक रिटर्निंग आफीसर बैंठेगे। प्रत्येक गणना टेबिल पर उम्मीदवारों के अधिकृत गणना अभिकर्ता निर्धारित टेबिल पर परिचय पत्र के साथ बैठेगे। प्रत्येक गणना टेबिल पर गणना पर्यवेक्षक, गणना सहायक, माइक्रो आब्जर्वर भी नियुक्त किए गए है।
प्रशिक्षण में मतगणना दलों को प्रशिक्षण प्रदाय किए जाने हेतु नियुक्त मास्टर ट्रेनर्स के रूप में सहा.प्राध्यापक सर्वश्री एम.एस.हिडोलिया, प्राध्यापक श्री पवन कुमार श्रीवास्तव, प्राचार्य श्री विनय बहरे, सहा.प्राध्यापक श्री बी.के.जैन, सहा.प्राध्यापक प्रो.गुलाब सिंह, प्रो.महेन्द्र कुमार, प्रो.राकेश शाक्य, प्रो.अरविंद शर्मा, प्राचार्य श्री मनोज कुमार निगम, सहा.प्राध्यापक प्रो.मनोज जैन, श्री एस.एस.मौर्य, डाॅ.पुनीत कुमार, प्रो.बी.एस.जयन्त, प्रो.प्रमोद चिडार एवं प्रो.अनीता जैन आदि उपस्थित थे।






Be First to Comment