बेमौसम की बारिश से सीमेंट की रैक हुई प्रभावित, गर्मी से मिली निजात | SHIVPURI NEWS

शिवपुरी-शहर में बेमौसम की बारिश से जहां गर्मी से आमजन को निजात मिली है तो वहीं दूसरी ओर इससे कई व्यापारियों का कारोबार भी प्रभावित हुआ है। जिसमें सबसे बड़ा प्रभाव रेल्वे स्टेशन पर आई सीमेंट की रैक पर देखने को मिला जहां पानी के कारण रैक में आई सीमेंट पूरी तरह से पत्थरनुमा हो गई जिससे सीमेंट का व्यावसाय करने वाले कारोबारियों के चेहरों पर चिंता की लकीरें खिंची नजर आई। क्योंकि यह रैक यूं तो गर्मी के मौसम को देखते हुए आई थी लेकिन अचानक मौसम ऐसी करवट बदल देगा कि ओलों और बारिश के साथ  पूरी रैक ही इससे प्रभावित हो जाएगी। इसके पूर्व भी पिछले माह अप्रैल में 15-16 अप्रैल को भी यही हाल हुआ था तब भी सीमेंट की रैक रेल्वे स्टेशन पर आई थी और अचानक बदले मौसम के कारण पूरी रैक पानी से लबालब होकर प्रभावित हो गई और यहां सीमेंट कारोबारियों को एक बार फिर से भारी नुकसान उठाना पड़ा। इस बारिश के कारण आमजन को जरूर राहत मिली है जहां बेमौसम बारिश के चलते गर्मी से मौसम में ठण्डक आ गई और कई लोगों ने भीषण पेयजल के संकट में बारिश के पानी को सहेजने का प्रयास भी किया।