शिवपुरी। दिनारा के थनरा चौकी के समीप शुक्रवार को एक किसान के साथ बाइक सवार तीन बदमाशों द्वारा 1 लाख 70 हजार रूपए की लूट के मामले को पुलिस ने संदिग्ध बताया है। पुलिस का कहना है कि किसान द्वारा गेहूं बेचकर व्यापारी से रूपए लाने की जो बात कही गई थी जिसे व्यापारी ने पूछताछ में नकार दिया है जिससे मामला संदिग्ध हो गया और पुलिस अब इस मामले में किसान से पूछताछ में जुट गई है।
ज्ञात हो कि दावरभाट निवासी भंवरसिंह पुत्र पंचम सिंह कल अपनी बाइक से दतिया जा रहा था। जहां एक बाइक पर सवार तीन लोगों ने उसे 1 लाख 70 हजार रूपए की लूट की और फरार हो गए। किसान के अनुसार वह पैसा लेकर ट्रेक्टर की किश्त जमा करने जा रहा था। तभी बदमाशों ने उस पर गोली चलाकर लूट की वारदात को अंजाम दे दिया। जिसकी शिकायत लेकर वह थाने पहुंचा। जहां पुलिस ने उसका आवेदन लेकर जांच शुरू की और किसान से उक्त रूपयों को लेकर पूछताछ की तो किसान ने पुलिस को बताया कि वह 1 लाख 70 हजार रूपए अपना गेहूं दिनारा के व्यापारी को बेचकर लाया था, लेकिन जब पुलिस ने किसान द्वारा बताए गए दिनारा के व्यापारी से पूछताछ की तो व्यापारी ने उक्त रूपए देने से इंकार कर दिया जिससे पुलिस को मामले में शंका हुई और पुलिस ने विवेचना प्रारंभ की। दिनारा थाना प्रभारी केएन शर्मा का कहना है कि प्रारंभिक विवेचना में यह सामने आया है कि भंवर सिंह के भतीजे की कुछ दिन पहले हत्या कर दी गई थी। इस मामले में आरोपियों को सजा भी हो गई है। इसी बात को लेकर कुछ दिन पहले इन दोनों पक्षों का विवाद भी हुआ। जिस पर भंवरसिंह के पक्ष के लोगों पर हत्या प्रयास का मामला दर्ज किया गया और इसी मामले को लेकर लूट की यह झूठी साजिश रचे जाने की संभावना है। जिससे वह अपने विरोधियों को फंसा सके। हालांकि मामले की संपूर्ण जांच होने के बाद ही सही घटना का पता लग सकेगा।





Be First to Comment