
लॉस एंजिलिस। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका-मेक्सिको सीमा पर दीवार बनाने की हरसंभव कोशिश कर रहे हैं। चुनाव अभियान के दौरान किए अपने इस वादे को पूरा करने के लिए वह जी जान से जुटे हुए हैं। लेकिन विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी और कई संगठनों के विरोध की वजह से वह अब तक अपने मंसूबे में सफल नहीं हो पाए हैं।
इस सब के बीच कैलिफोर्निया के दो प्रोफेसरों ने सीमा पर सी-सॉ झूले लगाकर ट्रंप की योजना के प्रति विरोध जताया है। सीमावर्ती अमेरिकी प्रांत न्यू मेक्सिको के सनलैंड पार्क और मेक्सिको के सिउदाद जुआरेज इलाके को अलग करने वाली बाड़ पर लगाए गए गुलाबी रंग के तीन सी-सॉ झूलों का बीते सोमवार को अनावरण किया गया। यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया में वास्तुकला के प्रोफेसर रोनाल्ड रायल और सैन जोश यूनिवर्सिटी में डिजाइन के प्रोफेसर सैन फ्रैटेलो के मुताबिक, वह करीब एक दशक से इस योजना पर काम कर रहे थे।
रोनाल्ड ने कहा कि इस योजना का सफल होना मेरे और फ्रैटेलो के जीवन का सबसे अतुलनीय अनुभव है। दीवार के चलते अमेरिका-मेक्सिको के रिश्ते प्रभावित हो रहे थे। झूले से ना सिर्फ दोनों देशों के बच्चे बल्कि वयस्क भी एक-दूसरे से जुड़ पाएंगे। इससे यह संदेश भी जाएगा कि सीमा के एक तरफ होने वाली घटना से दूसरी तरफ वाले लोग भी प्रभावित होते हैं।’ सी-सॉ पर झूलते बच्चों के वीडियो सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहे हैं। कई लोगों ने इसकी सराहना की है। मेक्सिको के अभिनेता माउरिको मार्टिनेद ने कहा, ‘यह झूला बताता है कि हम आपस में जुड़े हुए हैं।’





Be First to Comment