Press "Enter" to skip to content

सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई अधिकारियों को किया तलब, चैंबर में हो सकती है सुनवाई ! New Delhi News

Unnao Case: सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई अधिकारियों को किया तलब, चैंबर में हो सकती है सुनवाई
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में सड़क हादसे के बाद जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता के मामले में आज सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई हो रही है। चीफ जस्टिस रंजन गोगोई द्वारा बुधवार को पीड़िता के पत्र पर संज्ञान लिया गया था और उन्होंने सेक्रेटरी जनरल को निर्देश दिया था कि वे बताएं कि यह पत्र अब तक उनके संज्ञान में क्यों नहीं लाया गया?
इसके बाद आज इस मामले में सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई के उन जिम्मेदार अधिकारियों को 12 बजे तक कोर्ट में पेश होने के लिए कहा है जो इस मामले की जांच कर रहे हैं और जांच की प्रोग्रेस रिपोर्ट पेश करने के लिए कहा है।

साथ ही सर्वोच्च न्यायालय ने केस के स्टेटस में पूरी जांच रिपोर्ट भी मांगी है। कोर्ट ने केस के ट्रायल्स को ट्रांसफर करने की मंशा भी जताई है। चीफ जस्टिस रंजन गोगोई ने सॉलिसिटर जनरल को निर्देश दिए हैं कि वो सीबीआई के डायरेक्टर से दुष्कर्म और दुर्घटना के मामले में चर्चा करें। कोर्ट ने यह भी कहा कि जरूरी हुआ तो चैंबर में सुनवाई होगी।
स्थिति को बदलने के लिए कुछ करेंगे : जस्टिस गोगोई
पीड़िता द्वारा लिखी गई इस चिट्ठी में उसने खुद की जान को खतरा बताया था। यह पत्र चीफ जस्टिस को पीड़िता और उसके परिजनों द्वारा 12 जुलाई को लिखा गया था। इस पत्र में पीड़िता और उसके परिजनों ने दुष्कर्म मामले में आरोपी भाजपा विधायक कुलदीप सेंगर व उसके मददगारों द्वारा अपनी हत्या की साजिश रचने की आशंका जताते हुए सुरक्षा की मांग की गई थी।

बुधवार को इस मामले में सुनवाई के दौरान जस्टिस गोगोई ने कहा, “दुर्भाग्य से यह पत्र उन्हें अब तक नहीं मिला है, फिर भी अखबारों में सुर्खियां ऐसे बनी हैं मानों मैंने पत्र पढ़ा हो। हम इस अत्यंत विस्फोटक माहौल के बीच स्थिति को बदलने के लिए कुछ सकारात्मक काम करेंगे।”
जस्टिस गोगोई ने यह टिप्पणी तब की वरिष्ठ वकील वी. गिरि ने कोर्ट में उन्नााव दुष्कर्म कांड पर अर्जेंट सुनवाई की मांग की। जस्टिस गोगोई ने कोर्ट की रजिस्ट्री से पत्र उन तक नहीं पहुंचने पर एक हफ्ते में रिपोर्ट मांगी है।

यूपी सरकार से दुर्घटना पर मांगी स्टेटस रिपोर्ट
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने यूपी सरकार को भी निर्देश दिया कि वह गुरुवार को उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता के साथ हुई दुर्घटना के मामले की स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करे। सर्वोच्च न्यायालय आज ही इस मामले में आगे सुनवाई करेगा।
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!