
न्यूयॅार्क। वैज्ञानिकों ने त्वचा कैंसर के सर्वाधिक गंभीर प्रकार मेलानोमा का एक प्रभावी नैनो टीका ईजाद किया है। इजरायल की तेल अवीव यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों द्वारा विकसित इस टीके को चूहों पर कारगर पाया गया है। शोधकर्ता प्रोफेसर रोनित साची ने कहा, “मेलानोमा व अन्य प्रकार के कैंसर के इलाज की दिशा में लगातार प्रगति हो रही है।
कीमोथेरेपी, रेडिएशन थेरेपी और इम्यूनोथेरेपी की मदद से इनका इलाज किया जाता है। हालांकि वायरस के कारण होने वाली तमाम बीमारियों की तरह अब तक कैंसर के खिलाफ टीके का पर्याप्त विकास नहीं हुआ है। हमारे अध्ययन में पहली बार सामने आया है कि मेलानोमा के खिलाफ प्रभावी टीका बनाया जा सकता है।
” इस टीके में अतिसूक्ष्म पॉलीमर कणों का प्रयोग किया जाता है। इनकी मदद से चूहे की प्रतिरक्षा प्रणाली मेलानोमा कैंसर की कोशिकाओं को पहचानना और उन्हें खत्म करना सीखती है। यह वायरस से फैलने वाली बीमारियों के टीके की तरह ही काम करता है।



