,

मां पर जानलेवा हमला करने वाला बेटा गिरफ्तार, 12 घंटे में पुलिस ने पकड़ा; मारपीट में मां गंभीर घायल / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के भौंती थाना क्षेत्र के ग्राम मनपुरा में मां पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान 20 वर्षीय हरि आदिवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे घटना के 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय पिछोर में पेश किया।

पुलिस के अनुसार, 27 नवंबर को सुमन आदिवासी अपने पति चिल्लू और बच्चों के साथ ग्वालियर से काम करके गांव लौटी थीं। मनपुरा बस स्टैंड पर पति और छोटा बेटा घर चले गए, जबकि सुमन अपने बड़े बेटे हरि के साथ वहीं रह गईं। आरोप है कि रात करीब 11 बजे हरि ने बरार मोहल्ले में अपनी मां के साथ लात-घूंसों और डंडे से बेरहमी से मारपीट की और उन्हें घायल अवस्था में छोड़कर चला गया। सुबह ग्रामीणों ने परिजनों को सुमन के बेहोश पड़े होने की सूचना दी। उन्हें पहले पिछोर अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में जिला अस्पताल शिवपुरी रेफर किया गया।

मामले में भौंती थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 411/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति एवं एसडीओपी पिछोर प्रमोद कुमार शाक्य के मार्गदर्शन में गठित टीम ने 29 नवंबर को आरोपी हरि आदिवासी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

सराहनीय भूमिका: कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम भदौरिया, उपनिरीक्षक नीरज कुमार, प्रधान आरक्षक अभयराज सिंह, आरक्षक बृजेश राणा एवं नवनीत जाट की महत्वपूर्ण भूमिका रही।