,

शिवपुरी कोर्ट में पेशी पर गया राधे 3 महीने से लापता, मां ने जताई हत्या की आशंका; शिवराम और उसके परिवार पर मारपीट का आरोप, SP से लगाई गुहार / Shivpuri News

शिवपुरी। शिवपुरी न्यायालय में पेशी पर गया अशोकनगर जिले के नईसराय निवासी युवक राधे केवट पिछले करीब तीन महीने से लापता है। बेटे की तलाश में परेशान मां रामेती केवट ने अब शिवपुरी पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। मां ने कुछ लोगों पर बेटे के साथ मारपीट करने, पीछा करने और जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, राधे केवट 3 सितंबर 2026 को शिवपुरी न्यायालय में पेशी पर आया था। पेशी के दौरान एक युवती के पक्ष में बयान दिए जाने की बात आवेदन में कही गई है। आरोप है कि इसके बाद मौके पर मौजूद युवती के परिजनों ने युवती के साथ मारपीट की और राधे को भी जान से मारने की कोशिश करते हुए धमकियां दीं।

रामेती के अनुसार, शिवराम पुत्र आशालाल, मनोज और वीरेन्द्र पुत्रगण शिवराम तथा उनके परिवार के अन्य सदस्यों ने राधे का पीछा किया और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद से राधे का कोई पता नहीं चला है। शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि जिस खेत में मारपीट किए जाने की आशंका है, वहां हड्डियां मिली थीं और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच भी की थी। हालांकि, बरामद हड्डियों की पहचान और उनका राकेश से कोई संबंध होने की पुष्टि नहीं हुई है।

पीड़ित मां का आरोप है कि उसने थाना ईसागढ़ और थाना नईसराय में कई बार शिकायत की, लेकिन कहीं भी उसकी सुनवाई नहीं हुई। करीब तीन महीने से बेटे का कोई सुराग नहीं मिलने के कारण परिवार परेशान है।

रामेती केवट ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर शिवराम, मनोज, वीरेन्द्र और उनके परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने तथा बेटे की तलाश कर उचित वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है।

तीन महीने से लापता युवक का सुराग नहीं मिलने और खेत में मिली हड्डियों को लेकर मामला गंभीर हो गया है।