शिवपुरी। जिले के करैरा क्षेत्र के ग्राम बड़ौरा में गेहूं की फसल खरीदने के बाद छह महिलाओं को भुगतान नहीं किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिलाओं ने दीपक उर्फ कल्लन साहू, अशोक साहू, सोनू साहू, राहुल साहू और विकास साहू सहित अन्य लोगों पर करीब 18 से 20 लाख रुपये की राशि हड़पने का आरोप लगाया है। महिलाओं का कहना है कि जब वे अपनी फसल के पैसे मांगती हैं तो उनके साथ गाली-गलौज की जाती है और परिवार को जान से मारने की धमकियां दी जाती हैं।
पुलिस अधीक्षक को 24 नवंबर 2026 को दिए आवेदन के अनुसार, 8 मई 2026 को आरोपियों ने छह महिलाओं के घर से गेहूं की फसल खरीदी थी। फसल ले जाते समय एक-दो दिन में पूरी रकम का भुगतान करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन कई महीने बीतने के बाद भी भुगतान नहीं किया गया।
आवेदन में रोशनी पाण्डेय के 3 लाख रुपये, पवित्रा लोधी के 3 लाख 45 हजार रुपये, पुष्पा लोधी पत्नी धनिराम के 5 लाख रुपये, पुष्पा लोधी पत्नी रामनिवास के 3 लाख रुपये, कृष्णा लोधी के 1 लाख 90 हजार रुपये और सखी जाटव के 2 लाख 16 हजार रुपये बकाया बताए गए हैं।
महिलाओं का आरोप है कि जब वे अपनी रकम मांगने आरोपियों के पास जाती हैं तो उनके साथ अभद्रता की जाती है। आरोपियों द्वारा उनके पतियों को फोन कर धमकाने और परेशान करने की बात भी आवेदन में कही गई है। महिलाओं का यह भी आरोप है कि आरोपी पैसे मांगने पर स्वयं जहर खाकर मरने की धमकी देते हैं और भुगतान करने से साफ इनकार कर रहे हैं।
पीड़ित महिलाओं के अनुसार, इस मामले में उन्होंने 24 सितंबर 2026 को थाना प्रभारी को भी आवेदन दिया था, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद सभी छह महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष दोबारा शिकायत दर्ज कराई है।
महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने, गेहूं की बकाया राशि दिलाने और अपने परिवारों को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
गेहूं खरीदकर 6 महिलाओं को नहीं दिए 18 से 20 लाख रुपये, पैसे मांगने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का आरोप; SP से शिकायत / Shivpuri News




