शिवपुरी। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत करैरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 13.26 ग्राम स्मैक जब्त की है। बरामद स्मैक की कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले में हनुमंत रावत को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 2 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति भितरवार रोड स्थित करही पुलिया के पास स्मैक बेचने के लिए खड़ा है। सूचना पर करैरा पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर संदिग्ध व्यक्ति भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान हनुमंत रावत पुत्र पंजाब रावत (37 वर्ष), निवासी ग्राम करही, थाना करैरा, हाल निवासी कारेवाह, थाना सीहोर, जिला शिवपुरी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 13.26 ग्राम स्मैक पाउडर बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 787/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया। पुलिस अब आरोपी से स्मैक के स्रोत और उसके नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति एवं एसडीओपी करैरा विनायक शुक्ला के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह छावई के नेतृत्व में की गई।
इनकी रही सराहनीय भूमिका: कार्रवाई में थाना प्रभारी विनोद छावई, उपनिरीक्षक अरुण वर्मा, प्रधान आरक्षक मोहन पाल, आरक्षक हरेंद्र सिंह, मलखान गुर्जर, मत्स्येंद्र गुर्जर एवं चालक आरक्षक रामअवतार गुर्जर की मुख्य भूमिका रही।
करैरा में 2.50 लाख की स्मैक के साथ हनुमंत रावत गिरफ्तार, 13.26 ग्राम मादक पदार्थ जब्त; आरोपी जेल भेजा / Shivpuri News



