शिवपुरी। जिले के नरवर थाना क्षेत्र में मोबाइल दुकान की दीवार तोड़कर चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 20 मोबाइल बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब 2 लाख 36 हजार रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 को फरियादी शत्रुधन कुशवाह ने थाना नरवर में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उसकी मोबाइल दुकान की दीवार तोड़कर मोबाइल फोन चोरी कर ले गए हैं। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 250/26 के तहत बीएनएस की धारा 331(4) और 305(ए) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति एवं एसडीओपी करैरा विनायक शुक्ला के मार्गदर्शन में नरवर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सोबू खान पुत्र हमीद खान (23 वर्ष), निवासी इंद्रा कॉलोनी नरवर और शिवम उर्फ गट्टा रजक पुत्र रमेश रजक (19 वर्ष), निवासी कानूनगो मोहल्ला नरवर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों से चोरी किए गए 20 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की कुल कीमत लगभग 2 लाख 36 हजार रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका: इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह भदौरिया, उपनिरीक्षक राधाकृष्ण बंजारा, सहायक उपनिरीक्षक सतीश जयंत सहित आरक्षक नरेंद्र मौर्य, अनिल, माधौ बाथम, पवन पुरी, राजबहादुर, गजेंद्र जाटव, परिमाल कुशवाह और रवि बाथम की सराहनीय भूमिका रही।
नरवर में मोबाइल दुकान की दीवार तोड़कर चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 2.36 लाख के 20 मोबाइल बरामद / Shivpuri News



