,

सिरसौद थाने में दर्ज FIR को लेकर गायत्री शर्मा पहुंचीं SP कार्यालय, बेटे और नातियों को झूठा फंसाने का आरोप; निष्पक्ष जांच की मांग / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र के ग्राम राजा की मुडैरी में दर्ज अपराध क्रमांक 263/2026 को लेकर एक नया विवाद सामने आया है। मामले में श्रीमती गायत्री शर्मा पत्नी स्वर्गीय भगवानलाल शर्मा ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर अपने बेटे और नातियों को झूठे मामले में फंसाए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार गायत्री शर्मा ने बताया कि 3 जून 2026 को फरियादी पक्ष और उसके परिवार के लोगों द्वारा उनके परिवार पर जानलेवा हमला किया गया था। इस मामले में सिरसौद थाने में अपराध क्रमांक 162/2026 दर्ज कराया गया था।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पूर्व में दर्ज मामले से बचने के उद्देश्य से दूसरे पक्ष ने कथित रूप से मिथ्या घटना और षड्यंत्र के तहत अपराध क्रमांक 263/2026 दर्ज कराया है। इसमें अखिल शर्मा, अमन शर्मा, अंकित शर्मा, सत्यनारायण शर्मा और श्याम शर्मा के नाम शामिल किए गए हैं।

गायत्री शर्मा का दावा है कि नामजद लोगों का कथित घटना से कोई प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संबंध नहीं है और घटना के समय वे मौके पर मौजूद भी नहीं थे। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष ने धनबल और राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर पुलिस में मामला दर्ज कराया है।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूर्व में हुई घटना के दौरान भी उक्त लोगों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कराए जाने का आरोप है, जबकि उनका कहना है कि संबंधित लोगों का उस घटना से कोई संबंध नहीं था।

गायत्री शर्मा ने पुलिस अधीक्षक से अपराध क्रमांक 263/2026 की निष्पक्षता से जांच कराने और उनके बेटे व नातियों को कथित षड्यंत्र के तहत फंसाए जाने की शिकायत पर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।