शिवपुरी। जिले की खनियाधाना जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत खड़ीचरा में कथित भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। ग्राम निवासी बट्टराम आदिवासी ने जनसुनवाई में कलेक्टर को आवेदन सौंपकर पंचायत की सरपंच सुमनबाई यादव और सचिव करन सिंह यादव पर मिलीभगत से सरकारी राशि निकालने और निर्माण कार्य कराए बिना भुगतान करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। आवेदक ने पंचायत में करीब 70 लाख रुपये के कथित भ्रष्टाचार की जांच कराने की मांग की है।
बट्टराम आदिवासी ने आरोप लगाया कि सरपंच और सचिव आपस में रिश्तेदार हैं। उन्होंने दोनों के रिश्ते की जांच कराने और नियमों के विपरीत पदस्थ सचिव को पंचायत से हटाने की मांग भी की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि स्कूल से बादल सिंह के मकान तक सीसी सड़क निर्माण के नाम पर पहले से बनी सड़क के लिए दोबारा राशि निकाल ली गई। इसी तरह तोरण आदिवासी द्वारा निजी पैसे से बनाई गई होदी को पंचायत का निर्माण बताकर भुगतान निकालने का आरोप लगाया गया है। हनुमान जी के चबूतरे के निर्माण और पिछले तीन-चार वर्षों में 15 होदियों के नाम पर राशि निकालने के बावजूद मौके पर निर्माण नहीं होने की शिकायत भी की गई है।
शिकायतकर्ता ने चार वर्षों में 20 से 25 अन्य खर्चों के रिकॉर्ड की जांच कराने की मांग की है। इसके अलावा जगन्नाथ सिंह के मकान से राजेंद्र सिंह के मकान तक आरसीसी निर्माण नहीं कराने, सुजान के मकान से रोड तक सीसी खरंजा, आंगनवाड़ी से राममन के घर तक निर्माण और मनपुरा में दो आरसीसी निर्माणों की राशि निकालने के बावजूद काम नहीं कराने के आरोप लगाए हैं।
बट्टराम आदिवासी ने आरोप लगाया कि हितग्राहियों की सहमति के बिना खेत तालाब और कुओं की राशि निकाली गई। कुछ तालाब वन विभाग की भूमि पर बिना आवश्यक अनुमति और दस्तावेजों के बनाए जाने की बात भी आवेदन में कही गई है।
जानकारी के मुताबिक, हरि आदिवासी के खेत तालाब के लिए स्वीकृत 3 लाख 50 हजार रुपये सरपंच और सचिव द्वारा निकाल लिए गए, जबकि सार्वजनिक शौचालय निर्माण के लिए स्वीकृत 1 लाख 50 हजार रुपये भी करीब तीन साल पहले निकालने के बावजूद निर्माण नहीं कराया गया।
बट्टराम आदिवासी ने कलेक्टर से पंचायत के सभी निर्माण कार्यों की भौतिक जांच कराने, सरकारी राशि के उपयोग का रिकॉर्ड खंगालने, दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और कथित भ्रष्टाचार से अर्जित चल-अचल संपत्तियों की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है।
खड़ीचरा पंचायत में 70 लाख के भ्रष्टाचार का आरोप, सरपंच-सचिव पर रिश्तेदारी के दम पर सरकारी राशि निकालने की शिकायत; कलेक्टर से जांच की मांग / Shivpuri News




