,

धीरेन्द्र शास्त्री की कथाओं पर रोक लगाने की मांग, यादव महासभा ने भगवान श्रीकृष्ण पर टिप्पणी को बताया अपमानजनक; प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन / Shivpuri News

शिवपुरी। बागेश्वर धाम के कथावाचक धीरेन्द्र शास्त्री द्वारा करैरा में कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण को लेकर की गई कथित टिप्पणी का मामला तूल पकड़ता नजर आ रहा है। इस टिप्पणी से नाराज अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा जिला शिवपुरी ने प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन जारी कर धीरेन्द्र शास्त्री की सार्वजनिक कथाओं पर रोक लगाने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

महासभा की ओर से 3 नवंबर 2026 को जारी ज्ञापन में कहा गया है कि हाल ही में शिवपुरी जिले के करैरा में व्यासपीठ से कथा के दौरान धीरेन्द्र शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण को लेकर कथित तौर पर अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल किया। ज्ञापन में उनके बयान ‘टेढ़े-मेढ़े, टेंगो कोई भी बजा सकता है’ का उल्लेख करते हुए इसे व्यासपीठ का अनादर और भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अभद्र टिप्पणी बताया गया है।

महासभा ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण यदुवंशी समाज सहित करोड़ों श्रद्धालुओं के आराध्य हैं। कथित टिप्पणी से कृष्ण भक्तों और यदुवंशियों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। संगठन ने मांग की है कि शासन ऐसी सार्वजनिक कथाओं पर रोक लगाने के संबंध में कार्रवाई करे और कथावाचक के खिलाफ कानूनी कदम उठाए।