शिवपुरी। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सहकारी बैंक के बकाया ऋणों की वसूली को लेकर कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने सख्त रुख अपनाया है। एक ओर पुलिस से प्राप्त प्रतिवेदनों के आधार पर छह शस्त्र लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए हैं, वहीं दूसरी ओर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित शिवपुरी का ऋण जमा नहीं करने वाले 31 बकायादारों को शस्त्र लाइसेंस निलंबित या निरस्त किए जाने के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने पुलिस अधीक्षक से प्राप्त प्रतिवेदनों के आधार पर आयुध अधिनियम, 1959 के तहत कार्रवाई करते हुए छह शस्त्र अनुज्ञप्तिधारियों के लाइसेंस निलंबित किए हैं। प्रशासन के अनुसार, संबंधित व्यक्तियों पर शस्त्र अनुज्ञप्ति की शर्तों के उल्लंघन और लोक शांति व्यवस्था प्रभावित होने से संबंधित प्रतिवेदन प्राप्त हुए थे। भविष्य में लाइसेंसी शस्त्रों के दुरुपयोग की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
निलंबित लाइसेंसधारियों में बामौरकलां थाना क्षेत्र के ग्राम सेकरा निवासी मनोहर यादव, खनियाधाना थाना क्षेत्र के ग्राम अछरौनी निवासी राणाप्रताप परमार और ग्राम मुहारीकलां निवासी ओमकार सिंह लोधी शामिल हैं। इनके अलावा पिछोर थाना क्षेत्र के ग्राम नगरेला निवासी रूप सिंह लोधी, ग्राम बड़ेरा निवासी नरेंद्र सेन तथा करैरा में कॉलेज के पास रहने वाले नारायण कुशवाह के शस्त्र लाइसेंस भी निलंबित किए गए हैं।
दूसरी कार्रवाई जिला सहकारी केंद्रीय बैंक से ऋण लेकर निर्धारित समय पर राशि जमा नहीं करने वाले 31 बकायादारों के खिलाफ की गई है। कलेक्टर के निर्देश पर जारी नोटिसों में संबंधित व्यक्तियों से बकाया ऋण के संबंध में जवाब मांगा गया है। नोटिसों के माध्यम से शस्त्र लाइसेंस निलंबित या निरस्त किए जाने की कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।
बैंक के अनुसार, ऋण की राशि जमा नहीं होने से संस्थाओं को वित्तीय कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और अन्य खाताधारियों के भुगतान पर भी असर पड़ रहा है।
प्रशासन द्वारा जारी जानकारी में कई बकायादारों पर लाखों रुपये की राशि बकाया बताई गई है। इनमें सिरसौद थाना क्षेत्र के हरवंश धाकड़ पर 7.86 लाख रुपये, सतेरिया के मोहन सिंह पर 6.97 लाख रुपये, बदरवास क्षेत्र के शिवनंदन सिंह यादव पर 5.29 लाख रुपये और बांसखेड़ा के पहलवान सिंह यादव पर 4.70 लाख रुपये का बकाया शामिल है।
इसके अलावा इंदार क्षेत्र के विजय सिंह यादव पर 4.26 लाख रुपये, दतुला के नरेंद्र गुर्जर पर 3.94 लाख रुपये तथा अन्य कई बकायादारों पर भी ऋण राशि लंबित बताई गई है।
कलेक्टर अर्पित वर्मा की इन कार्रवाइयों से जिले में शस्त्र लाइसेंस और सहकारी बैंक के ऋणों से जुड़े मामलों में प्रशासन की सख्ती सामने आई है। हालांकि, 31 बकायादारों के मामले में फिलहाल कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
शिवपुरी में कलेक्टर अर्पित वर्मा का बड़ा एक्शन: 6 शस्त्र लाइसेंस निलंबित, बैंक का कर्ज नहीं चुकाने वाले 31 डिफॉल्टरों को नोटिस; लाइसेंस निरस्तीकरण की तैयारी / Shivpuri News



