,

पत्नी के लापता होने पर पति ने SP से लगाई गुहार, नकदी-जेवर ले जाने का आरोप; साथ ले जाने वाले व्यक्ति के पुराने मामले का भी किया जिक्र / Shivpuri News

शिवपुरी। खनियाधाना थाना क्षेत्र के ग्राम गुडर रोड, वार्ड नंबर 11 निवासी देवेंद्र जाटव ने अपनी पत्नी दुर्गा जाटव के लापता होने के मामले में पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता ने कुछ लोगों पर पत्नी को बहला-फुसलाकर ले जाने, घर से नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और जरूरी दस्तावेज ले जाने के आरोप लगाए हैं। साथ ही फोन पर जान से मारने की धमकी मिलने की बात भी कही है।

जानकारी के अनुसार, 9 अक्टूबर 2026 को दुर्गा जाटव अपनी मां से नगरपालिका जाने की बात कहकर घर से निकली थी। वह अपने बच्चे को मां के पास छोड़ गई थी। इसके बाद पति ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। देवेंद्र का दावा है कि मनीराम जाटव और महेंद्र ने उसकी पत्नी को हरभजन के साथ मोटरसाइकिल पर जाते हुए देखने की जानकारी दी थी।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि घर से 37 हजार रुपये नकद, सोने का मंगलसूत्र, बच्चे के गले के सोने के दो ओम, आधार कार्ड, राशन कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक और अन्य जरूरी दस्तावेज भी ले जाए गए हैं। उसने बताया कि उसकी कुटीर योजना की शेष राशि बैंक खाते में आनी है।

देवेंद्र ने अपने आवेदन में पत्नी को साथ ले जाने के आरोपी व्यक्ति के संबंध में गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका दावा है कि संबंधित व्यक्ति पहले भी एक नाबालिग लड़की को लेकर भागा था और इस मामले में लुधियाना में करीब छह साल जेल में रहा था।

शिकायत में राहुल जाटव और केके जाटव पर फोन के जरिए धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है। देवेंद्र के मुताबिक, उसे और उसकी पुत्री को जान से मारने की धमकी दी गई। उसने यह भी कहा कि 9 अक्टूबर को उसके मोबाइल नंबर पर 45 हजार रुपये भेजे गए थे और उसकी पत्नी को दिल्ली बुलाए जाने की बात सामने आई है।

देवेंद्र जाटव ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर पत्नी और पुत्री का पता लगाने, उन्हें सुरक्षित वापस दिलाने, संबंधित आरोपों की जांच कराने और परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।